-->

Breaking News

लालू की नई पहचान है कैदी नंबर 3312

रांची। यह राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की नई पहचान है। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा [रांची] के लिए वे कैदी नंबर 3312 हैं। जेल प्रशासन ने उनकी यही गिनती की है। दूसरी बात है कि वे अन्य कैदियों से बिल्कुल अलग हैं। जेल मैन्युअल के अनुसार उनको सुविधाएं मिल रहीं हैं। जेल में मंगलवार को उनका दूसरा दिन था। खबर है कि सोमवार की रात वे ठीक से सो नहीं पाए। करवटें बदलते रहे। सुबह पांच बजे ही उठ गए। फ्रेश होने के बाद कुछ देर तक उन्होंने योग किया। इसके बाद चाय पी। सुबह के नाश्ते में उन्होंने सत्तू पिया। दोपहर में चावल, दाल और सब्जी खाई। फिर दिन भर अपनों से मिलने का सिलसिला रहा।

राजद सुप्रीमो ने सोमवार की रात दो रोटी, तड़का और सब्जी खाई। जेल प्रशासन के मुताबिक लालू का स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह की शिकायत नहीं की है। जेल में लालू से उनके वकील चित्तरंजन प्रसाद भी मिले।

बाहरी भोजन का भी उठा सकेंगे लुत्फ

लालू प्रसाद को जेल मैन्युअल के अनुसार वे सारी सुविधाएं मिलेंगी, जो उच्च श्रेणी के बंदियों को मिलती हैं। वे पसंदीदा भोजन के साथ-साथ पंसद के कपड़े भी पहन सकेंगे। लिट्टी तो खाएंगे ही, खैनी और पान पर भी प्रतिबंध नहीं रहेगा। नंबर बंदी [बंदियों की गिनती के बाद] के बाद उन्हें अन्य बंदियों की तुलना में कारा प्रांगण में एक घंटा अधिक वक्त गुजारने की छूट रहेगी। कारा महानिरीक्षक [जेल आइजी] शैलेंद्र भूषण ने यह जानकारी मंगलवार को पत्रकारों को दी।

जेल आइजी ने बताया कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में फिलहाल उच्च श्रेणी के पांच बंदी हैं। इनमें से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और जगन्नाथ मिश्र के अलावा जगदीश शर्मा और डा. आरके राणा चारा घोटाले के दोषी हैं। मदन मोहन शर्मा अन्य मामले के बंदी हैं, उन्हें भी उच्च श्रेणी की सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि लालू प्रसाद को जेल से अलग शिफ्ट किए जाने का बहरहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। जेल परिसर में जैमर काम नहीं करने का सवाल उठाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी टू-जी टेक्निक पर यह व्यवस्था है, शीघ्र ही इसे थ्री-जी किए जाने की तैयारी है। कारा अधीक्षक की अनुमति से वे बाहर के खाने का भी आनंद ले सकेंगे।

सोने को चौकी, देख सकेंगे सिर्फ दूरदर्शन

जेल में लालू सिर्फ दूरदर्शन के कार्यक्रम ही देख सकेंगे। जेल की नई गाइडलाइन में निजी चैनलों की सुविधा दिए जाने का प्रावधान किया गया है, जो अभी विचाराधीन है। उन्हें सोने के लिए एक चौकी दी गई है।

मसूद की खबर से तनाव में दिखे राजद सुप्रीमो

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रशीद मसूद को सजा मिलने की खबर से लालू प्रसाद के चेहरे पर तनाव देखा गया। लालू से जेल में मिलकर निकले उनके एक नजदीकी ने बताया कि लालू को जब इस समाचार की जानकारी हुई तो वे कुछ देर शांत रहे। फिर मामले की पूरी जानकारी ली। इस दौरान वे तनाव में दिखे।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com