-->

Breaking News

सुन्दर और सुनियोजित शहर का सपना साकार होगा : डॉ. रमन सिंह

रायपुर | मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज नया रायपुर में 1301 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद कहा कि सुन्दर और सुनियोजित शहर का आपने जो सपना देखा था, वह अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश का एक ऐसा शहर है, जो बिना किसी विवाद के विकसित हो रहा है। गांवों को बिना हटाए ही यह शहर अपनी योजना के अनुरूप विकसित हो रहा है। यहां शहर और गांवों दोनों का समन्वित विकास हो रहा है। हमारी कोशिश है कि नया रायपुर क्षेत्र के सभी गांवों में शहरों की तरह जन सुविधाएं उपलब्ध हो। नवागांव में जनसुविधा केन्द्र का विकास इसी का एक हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने नया रायपुर क्षेत्र के सभी काम गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होने पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत सहित नया रायपुर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाए दी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि नया रायपुर क्षेत्र में बॉटनिकल गार्डन, जंगल सफारी, लॉजिस्टिक पार्क, स्टेडियम, शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना एक कल्पना थी। यह कल्पना अब हकीकत में बदलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक हब अपने आप में अनूठी परियोजना है। इसमें तीन सौ करोड़ रूपए का निवेश हो रहा है। इसमें लगभग दो हजार लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आज नया रायपुर में अधोसंरचना विकास के तहत 284 करोड़ 76 लाख रूपए की लागत से बनने वाले सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा नया रायपुर क्षेत्र के ग्राम सुविधा केन्द्र नवागंाव का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने तीन सौ करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले लॉजिस्टिक पार्क, 13 करोड़ 13 लाख रूपए की लागत से बनने वाले वाणिज्यिक कर भवन, दस करोड़ 38 लाख रूपए की लागत से बनने वाले जेल एवं होमगार्ड भवन और 19 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले पंचायत एवं ग्रामीण विकास भवन का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास योजना के अन्तर्गत 86 लाख रूपए की लागत से ग्राम खपरी नवागांव में होने वाले विकास कार्यों, 18 करोड़ 14 लाख रूपए की लागत से झांझ जलाशय के संरक्षण, संवर्धन और सौर्न्द्रीयकरण कार्य, चार करोड़ 39 लाख की लागत से बनने वाले आधुनिक शवदाह गृह एवं कब्रिस्तान, 11 करोड़ 83 लाख रूपए की लागत से बनने वाले आधुनिकतम एलईडी स्ट्रीट लाईट, 88 लाख रूपए की लागत से बनने वाले पवन ऊर्जा संयंत्र, कयाबांधा में डेढ़ करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 21 मकानों, 29 करोड़ आठ लाख रूपए की लागत से मंत्रालय मुख्य मार्ग में सेन्ट्रल बोलीवार्ड के विकास कार्य और बी.आर.ई.टीएस. के तहत 29 करोड़ 89 लाख के अधोसंरचना विकास कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने छेरीखेड़ी में स्वागत वाटिका का भी लोकार्पण किया।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने इस अवसर पर कहा कि नया रायपुर विकास प्राधिकरण की पूरी टीम ने आठ वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद नया रायपुर को इस आकार तक पहुंचाया है। शासकीय विभागों के कार्यालय यहां शुरू होने के साथ ही सेक्टर 27 और 28 में आवासीय कॉलोनियां बन चुकी है। एक नयी आवासीय कॉलोनी बसाने के लिए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को सेक्टर-12 आवंटित किया गया है। यह पूरा शहर 800 हेक्टेयर में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि अब तक जो भी काम हुए हैं, पूरी गुणवत्ता के साथ और समय पर पूरे हुए हैं। नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कटारिया ने प्रशासकीय प्रतिवेदन पढ़ा। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री सुभाष राव, अल्प संख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री दिलीप सिंह होरा, महानिदेशक होमगार्ड श्री गिरधारी नायक, अपर मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड, अपर मुख्य सचिव डी.एस.मिश्रा, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और प्रमुख सचिव आवास एवं पर्यावरण श्री एन. बैजेन्द्र कुमार, पूर्व विधायक श्री संजय ढीढी, कयाबांधा की सरपंच श्रीमती हेमलता मानिकपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। अंत में नया रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री एस.एस. बजाज ने आभार व्यक्त किया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com