-->

Breaking News

मध्यप्रदेश में जनता त्रस्त और मंत्री मस्त: कमलनाथ

रायसेन | केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में जनता त्रस्त है और मंत्री मस्त हैं.उन्होंने प्रदेश में खनिज माफिया का राज होने का आरोप लगाते हुए सोमवार को रायसेन में कहा कि प्रदेश में इन माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद हैं कि मां नर्मदा और चंबल नदी को खाली कर दिया गया है.

कमलनाथ ने रायसेन में कांग्रेस की सत्ता परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में खनिज माफियाओं का बोलबाला है और सुधीर शर्मा तथा दिलीप सूर्यवंशी जैसे लोगों का राज चल रहा है. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जनता त्रस्त है और मंत्री मस्त हैं.

उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घोषणावीर बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले पांच साल के दौरान सात हजार घोषणायें कीं लेकिन उनमें से छह हजार घोषणायें ठंडे बस्ते में चली गयीं.केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य ने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन के लिये संकल्पित है. उन्होंने कहा कि सोमवार को उनके पिता स्व. माधवराव सिंधिया की पुण्यतिथी है लेकिन वे घर में पूजा आदि छोड़कर पार्टी के प्रचार के लिये निकले हैं.

सिंधिया ने विदिशा एवं रायसेन जिले की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेई, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज जैसे वरिष्ठ नेताओं ने किया लेकिन इसके बावजूद यह क्षेत्र पिछड़ा हुआ है और इतने सालों में कोई उद्योग स्थापित नहीं हो सका है.

उन्होंने कहा कि भोपाल रायसेन सागर रेलवे लाइन का सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है और वे वचनबद्ध हैं कि यहां के लोगों को रेल सुविधायें उपलब्ध करायी जायेंगी.विधान सभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान को भगोड़ा मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि जब उन्होंने विधान सभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया तो मुख्यमंत्री उसका सामना करने के बजाय पिछले रास्ते से भाग खड़े हुए.

उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा नहीं बल्कि अपराध बोध से ग्रस्त मुख्यमंत्री की क्षमा यात्रा है.कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश संगठन प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेश कांगेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, पूर्व प्रदेश कांगेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने भी सभा को संबोधित किया.

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com