भाजपा ने ध्रुव, डागा का टिकट काटा, बुदनी के साथ विदिशा से भी लड़ेंगे शिवराज
भोपाल. भाजपा ने देर रात मप्र में अपने प्रत्याशियों की अंतिम
सूची जारी की। लेकिन, आश्चर्यजनक बदलाव इसमें भी देर रात होते रहे। भोपाल
में सुषमा स्वराज के घर लंबी बैठक हुई। इसके बाद राजनाथ सिंह व केंद्रीय
चुनाव समिति से बातचीत के बाद निर्णय यह हुआ कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह
चौहान बुदनी के साथ विदिशा से भी चुनाव लड़ेंगे। वे शुक्रवार को नामांकन
दाखिल करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह बदलाव कार्यकर्ताओं की मांग के दबाव
में किया गया है। लेकिन, लगता है किसी अन्य को उतारने पर राघवजी भारी
परेशानी खड़ी कर सकते थे। इसी को दूर करने के लिए यह फैसला हुआ है।
उधर, अंतिम सूची में पार्टी ने भोपाल मध्य से विधायक ध्रुवनारायण सिंह का टिकट काट कर बीडीए अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। इसी तरह भोपाल की हुजूर सीट के जितेंद्र डागा का टिकट काटकर खनिज विकास निगम के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा द्वारा जारी 11 प्रत्याशियों की सूची में चार विधायकों का टिकट काटा गया है। ध्रुव और डागा के अलावा टिकट कटने वालों में बिजावर की विधायक आशारानी और पनागर से विधायक नरेंद्र त्रिपाठी शामिल हैं। पार्टी ने कुल 47 विधायकों के टिकट काटे हैं। भाजपा ने पूर्व मंत्री हरनाम सिंह राठौर के पुत्र हरवंश राठौर को बंडा से टिकट दिया है। इसके अलावा दो विधायकों पर भी भरोसा दिखाया है।
आधे घंटे में बदली सूची सुबह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर व मेनन के बीच बची हुई सीटों को लेकर मंथन चल रहा था। शाम को साढ़े सात बजे तोमर के निवास से एक सूची भाजपा दफ्तर पहुंची। इसमें सुरेंद्र नाथ सिंह को हुजूर से तथा रामेश्वर शर्मा का नाम भोपाल मध्य से लिखा हुआ था। खबर मीडिया में चली तो तोमर ने पार्टी कार्यालय फोन कर सूची रुकवा दी और आधे घंटे बाद नई लिस्ट जारी कर दी। इसमें सुरेंद्र को मध्य और रामेश्वर को हुजूर से प्रत्याशित बताया गया। यह सूची जारी होती, उससे पहले ही तोमर ने फिर सूची रुकवा दी। सूत्रों की मानें तो विदिशा सीट को लेकर असमंजस की स्थिति बनी। करीब एक घंटे बाद विदिशा सीट छोड़कर 11 नामों सूची मीडिया को जारी कर दी गई।
सुषमा, तोमर पहुंचे सीएम निवास
विदिशा सीट को लेकर उलझन में फंसे प्रदेश अध्यक्ष तोमर और प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन देर रात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित घर गए। वहां मंथन हुआ कि मुख्यमंत्री को बुधनी के साथ-साथ विदिशा सीट से भी प्रत्याशी घोषित किया जाए। इसके पीछे वजह यह है कि मुख्यमंत्री के करीबी मुकेश टंडन के साथ-साथ वहां अप्राकृतिक यौन शोषण के आरोप में फंसे पूर्व वित्तमंत्री व भाजपा से निष्कासित राघवजी की बेटी ज्योतिशाह और पूर्व विधायक गुरुचरण सिंह के बेटी सुखप्रीत कौर भी दावेदारी कर रही थीं। देर रात तय हुआ कि मुख्यमंत्री बुधनी के साथ-साथ विदिशा से भी चुनाव लड़ेंगे।
लखनादौन से उर्मिला सिंह के पुत्र को बी फॉर्म दिया
कांग्रेस की मूल सूची में लखनादौन से बेनीकुंदन पर्ते को उम्मीदवार घोषित किया गया था, लेकिन पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल उर्मिला सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह को बी फॉर्म जारी कर दिया, लेकिन अब तक पार्टी ने उन्हें अधिकृत उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। रतलाम शहर से डॉ. राजेश शर्मा को बदल कर अदिति देवसर को उम्मीदवार बनाया गया है।
मध्य से सुरेंद्रनाथ हुजूर से रामेश्वर
सीट प्रत्याशी
अटेर अरविंद भदौरिया
बंडा हरवंश राठौर, नए
निवाड़ी अनिल जैन, नए
छतरपुर ललिता यादव
बिजावर पुष्पेंद्र गुड्डन पाठक
पनागर इंदु तिवारी
भोपाल मध्य सुरेंद्रनाथ सिंह
हुजूर रामेश्वर शर्मा
बड़वाह हितेंद्र सिंह सोलंकी
मनासा कैलाश चावला
नीमच दिलीप परिहार
बड़े भाई के सामने छोटा भाई
खरगोन जिले की बड़वाह सीट से भाजपा ने विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी को प्रत्याशी घोषित किया है। यहां से कांग्रेस की ओर से राजेंद्र सिंह सोलंकी उम्मीदवार हैं जो हितेंद्र के बड़े भाई हैं। बताते हैं कि 2003 के चुनाव में राजेंद्र ने चुनाव में भाई का साथ दिया था, जिसके लिए कांग्रेस ने उन्हें निष्कासित कर दिया था।
कैलाश जोशी से मिले ध्रुव-डागा
टिकट पर फैसला होने से पहले शाम 7.30 बजे ध्रुवनारायण सिंह और जितेंद्र डागा पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के घर गए थे। सूत्रों का कहना है कि रामेश्वर को प्रत्याशी बनाए जाने से जोशी नाराज हैं, लेकिन जोशी ने इससे इनकार किया है। जोशी ने ध्रुव और डागा के निवास पर आने की पुष्टि तो की, लेकिन यह भी कहा कि वे सिर्फ अपनी बात रखने आए थे। पार्टी ने यदि टिकट काटा है तो सही निर्णय होगा।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com