-->

Breaking News

मेट्रोसिटी जैसा डवलपमेंट होगा अब सतना में

सतना। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सतना को महानगर के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने आज सतना में अन्त्योदय मेले में 52 करोड़ 67 लाख के 256 निर्माण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण और 83 लाख 60 हजार रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हित लाभ वितरित किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा, जनसंपर्क और खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जायेगा। इसके लिये नगर निगम सतना को एक करोड़ तथा जिले की प्रत्येक नगर पंचायत, नगर पालिका को 25 लाख रूपये दिये जायेगें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के श्रमिकों की उन्नति और कल्याण के लिये प्रयास कर रही है। अगले माह श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा देने भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शाला शुरू की जायेगी। शाला में प्रत्येक वर्ग, जाति के श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चे प्रवेश पा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्दौर में हुई इन्वेस्टर्स समिट में विन्ध्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर उद्योग स्थापना के प्रस्ताव मिले हैं। अंचल में औद्योगिक निवेश आमंत्रित करने के लिये प्राथमिकता से कार्य किया जायेगा। उद्योगों को 50 प्रतिशत स्थानीय नागरिकों को रोजगार देना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में एक आई.टी.आई. प्रारंभ करने शासन की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है। उद्योगों, लघु एवं कुटीर उद्योगों के लिये बच्चों को प्रशिक्षित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के लिये संकल्पबद्ध होकर कार्य करने की जरूरत बताई।

मुख्यमंत्री ने एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस परस्पर सहयोग से मनाने की अपील जन-प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से की।

सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि पूर्व में बीमारू राज्य कहलाने वाला प्रदेश आज विकास की नई ऊँचाइयों को छूकर स्वर्णिम प्रदेश बनने जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक श्री शंकरलाल तिवारी, श्री हर्ष सिंह, श्री नारायण त्रिपाठी, सुश्री ऊषा चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गगनेन्द्र प्रताप सिंह, महापौर श्री पुष्कर सिंह तोमर, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य लक्ष्मी यादव, श्री सुरेन्द्र सिंह बघेल उपस्थित थे।

अरविन्द सिंह मैत्री बाग पार्क का लोर्कापण
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हवाई पट्टी सतना के समीप नवनिर्मित अरविन्द सिंह मैत्री बाग पार्क का लोकार्पण किया। नगर निगम द्वारा सौन्दर्यीकरण की दिशा मे 1 करोड़ 39 लाख लागत से इस पार्क का निर्माण किया गया है। पार्क के समीप ही जलाशय में मोटरबोट एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com