-->

Breaking News

मुख्यमंत्री ने राजस्व और ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा

एमपीआनलाइन न्यूज रिपोर्टर
अबधबिहारी सिंह "निक्की",विप्र एक्सप्रेस

सतना। मुख्यमंत्री ने राजस्व और ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि खसरा-खतौनी को लेकर जिलों से काफी शिकायतें आ रही हैं। 40 रुपए तक किसानों से वसूले जा रहे हैं। चक्कर अलग से लगाने पड़ रहे हैं। इसलिए कलेक्टर किसानों को खसरा-खतौनी की नकलें नि:शुल्क घर-घर जाकर देने के अभियान की कार्ययोजना तैयार करें। यह अभियान 15 अगस्त से शुरू होगा।

जिले के संबंध में बताया गया कि यहां 15 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार है। दीनदयाल अंत्योदय समिति के समन्वय से जिलेभर में घर-घर जाकर खसरा खतौनी बांटी जाएगी। इस वीसी में कलेक्टर नरेश पाल, अपर कलेक्टर शुचिस्मिता सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

भ्रमण में किसानों से लूंगा जानकारी : सीएम ने कहा, अब मैं भ्रमण पर गांव जाऊंगा तो किसानों से यह पूछूंगा कि किसे खसरा खतौनी नहीं मिला है। सीमांकन, नामांतरण की जानकारी भी ली जाएगी। यदि शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी।

25 सितंबर से पट्टा वितरण अभियान : सीएम ने कहा, आवासहीन गरीब परिवारों को पट्टे देने के लिये बनाये गये अधिनियम के तहत आबादी भूमि का चिन्हांकन कर घोषित करने की कार्रवाई करें। प्रत्येक आवासहीन को आवास उपलब्ध कराने के अभियान 25 सितम्बर के बाद शुरू होगा।

कलेक्टर-कमिश्नर पर भी जुर्माना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ऐसी व्यवस्था बनाएं ताकि जनता को परेशानी नहीं हो। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत इनकी सेवाएं समय पर दी जा रही हैं, इसकी मॉनीटरिंग कलेक्टर करें। यदि इसमें लापरवाही की गई तो कलेक्टर-कमिश्नर पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। कलेक्टर एक सप्ताह में जानकारी भेंजे कि उनके जिले में राजस्व संबंधी प्रकरण समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गयी है। जमीन अधिग्रहण मुआवजे के प्रकरण यदि लंबित हैं तो उसका तत्काल निराकरण करें। 

डायवर्सन के सर्वाधिक मामले सतना के
बैठक में जानकारी दी गई कि दो वर्ष से ज्यादा समय से लंबित डायवर्सन के सर्वाधिक प्रकरण सतना जिले में है। इनकी संख्या 87 है। इस मामले में पीएस ने कहा कि यह काफी महत्वपूर्ण मामला है। यदि इस पर सही तरीके से काम कर लिया जाए तो एक हजार से 12 सौ करोड़ रुपये सरकारी खजाने में आ सकते हैं। 

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाएं
सीएम ने कहा कि राजस्व अमला सरकारी जमीनों के अतिक्रमण हटाने में गंभीरता से ध्यान दें। जिले में 2 वर्ष से अधिक के लंबित अतिक्रमणों की संख्या 235 बताई गई।

बंद करे बिजली कंपनी अपनी मनमानी
ऊर्जा विभाग की समीक्षा में सीएम काफी तल्ख दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई जिला नहीं है जहां से बिजली को लेकर शिकायतें नहीं आ रही हैं। हालत यह हैं कि किसान दुकान से 5 एचपी का मोटर लाता है बिजली विभाग 7 एचपी का बिल भेजता है। एवरेज बिल के नाम पर वसूली हो रही है। यह सब बंद कर दो।72 घंटे के अंदर खराब ट्रांसफार्मर बदलो। विद्युत आपूर्ति की लगातार मॉनीटरिंग की जाये, कहीं भी अघोषित विद्युत कटौती नहीं हो।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com