-->

Breaking News

जिला स्तरीय मुख्यमंत्री स्वरोजगार तथा कौशल सम्मेलन आयोजित

2 करोड़ 71 लाख रूपए से अधिक की राशि विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को वितरित, कौशल उन्नयन से स्वयं का रोजगार स्थापित कर स्वावलम्बी बनेंगे युवा- वन मंत्री, कौशल उन्नयन कर बनाया जा रहा है हुनरमंद- कलेक्टर

आदित्य सराठे (8962549766)
रायसेन,ब्यूरो 
: जिले में बेरोजगार युवक-युवतियों के स्वरोजगार तथा कौशल उन्नयन के लिए जिला मुख्यालय स्थित वन परिसर में मुख्यमंत्री स्वरोजगार एवं कौशल सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले भर से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इस सम्मेलन में 2 करोड़ 71 लाख रूपए से अधिक के ऋण वितरित किए गए।
 
सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए वन मंत्री डॉ गौरीशंकर शेजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को हर वर्ग की चिंता है और वे उनके कल्याण और विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को न केवल रोजगार देने बल्कि युवा स्वयं का रोजगार स्थापित कर दूसरों को रोजगार दे सके, इस काबिल बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित अनेक रोजगार योजनाएं चलाई जा रही हैं।
 
वन मंत्री डॉ शेजवार ने कहा कि जो बच्चे ज्यादा नहीं पढ़ सके हैं, उनको रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल संवर्धन एवं प्रशिक्षण योजना चलाई जा रही है। ताकि वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा में कोई न कोई कौशल अवश्य होता है। उसके इस कौशल का उन्नयन कर रोजगार से जोड़कर स्वावलम्बी बनाना है।
 
कौशल उन्नयन कर बनाया जा रहा है हुनरमंद- कलेक्टर 
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे ने कहा कि कौशल संवर्धन योजना के तहत प्रशिक्षण देकर युवाओं को हुनरमंद बनाया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात रोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों से ऋण एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय मुख्यमंत्री स्वरोजगार एवं कौशल सम्मेलन आयोजित किया गया है। युवाओं का कौशल उन्नयन कर उन्हें स्वावलम्बी बनाने के लिए मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना चलाई जा रही है। उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि वे स्वयं का रोजगार स्थापित करें।
 
उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक कल्याण कार्यक्रम के तहत बैंक लिंकेज कर स्वावलम्बी बनाया जा रहा है। जिले में स्व-सहायता समूहों द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही हमारे जिले के कई युवा स्वयं का उद्यम स्थापित कर अन्य युवाओं को रोजगार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मेले में 12 कम्पनियों द्वारा अपने काउंटर लगाए गए हैं, जो अपने यहां रोजगार देने के लिए पंजीयन तथा चयन कर रहे हैं। सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता किरार, गैरगंज नगर परिषद अध्यक्ष श्री उत्तमचंद जैन, उदयपुरा जनपद अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सिंह, एसपी श्री जगत सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत श्री अमनवीर सिंह बैस भी उपस्थित थे।
 
2 करोड़ 71 लाख रूपए से अधिक के ऋण वितरित
वन परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री स्वरोजगार एवं कौशल सम्मेलन में 2 करोड़ 71 लाख रूपए के ऋण वितरित किए गए। इसमें 35 स्व-सहायता समूहों को एक करोड़ 45 लाख रूपए का बैंक लिंकेज कराया गया। साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा 9 हितग्राहियों को 78 लाख 21 हजार रूपए का ऋण वितरित किया गया। साथ ही 4 हितग्राहियों को 15 लाख 91 हजार रूपए का ऋण स्वीकृत किया गया। हाथकरघा विभाग के 14 प्रकरणों में 25 लाख रूपए की राशि वितरित की गई। आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा तीन हितग्राहियों को 7 लाख रूपए की ऋण राशि वितरित की गई।     
 
640 युवाओं का रोजगार के लिए पंजीयन
रोजगार मेले में आयीं गारमेंट स्पीनिंग सेक्टर, बैंकिंग, एग्रीकल्चर सेक्टर, सुरक्षा गार्ड, बीमा क्षेत्र तथा मार्केटिंग क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा रोजगार के लिए 640 युवाओं का पंजीयन किया गया। जिसमें शिवशक्ति बायोटेक लिमिटेड द्वारा 21 युवाओं का, रूडसेट संस्था द्वारा 36 युवाओं का, ट्राईडेंट कम्पनी बुदनी द्वारा 94 युवाओं का, ल्यूपिन एलटीडी द्वारा 60 युवाओं का, अपोलो मेड स्किल लिमिटेड द्वारा 48 युवाओं का, आयशर ट्रेक्टर्स लिमिटेड द्वारा 35 युवाओं का, नाहर स्पिनिंग मिल द्वारा 22 युवाओं का, वर्धमान यार्न सतलापुर द्वारा 39 युवाओं का, वर्धमान टेक्सटाईल द्वारा 33 युवाओं का पंजीयन किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य कम्पनियों द्वारा भी युवाओं का रोजगार के लिए पंजीयन किया गया।
 
16 विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी
वन परिसर रायसेन में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री स्वरोजगार तथा कौलश सम्मेलन में 16 विभागों ने स्टॉल लगाकर स्वरोजगार योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी। जिन विभागों द्वारा अपनी विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन किया गया उनमें उद्योग विभाग, मत्स्य विभाग, खादी ग्रामोद्योग, अंत्यावसायी निगम, एनआरएलएम, आदिम जाति कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, महिला बाल विकास विभाग, पशुपालन, हाथकरघा एवं शिल्प, नगरपालिका, उद्यान विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, शासकीय आईटीआई के साथ ही बैंक तथा अन्य औद्योगिक संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए।
 
कैशलेस भुगतान की दी जानकारी
सम्मेलन में लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा मेले में आने वाले युवाओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा हितग्राहियों को कैशलेस भुगतान की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कितनी आसानी से किसी भी लेनदेन का भुगतान किया जा सकता है।
 
कम्पनियों के स्टॉल में दिखी भीड़
रोजगार मेले में अनेक औद्योगिक संस्थाओं द्वारा अपने काउंटर लगाकर रोजगार प्रदान करने के लिए पंजीयन किया गया। साथ ही कई युवाओं का चयन भी किया गया। मेले में गारमेंट स्पीनिंग सेक्टर, बैंकिंग, एग्रीकल्चर सेक्टर, सुरक्षा गार्ड, बीमा क्षेत्र तथा मार्केटिंग क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा रोजगार प्रदान करने के लिए पंजीयन किया गया।
 
कौशल उन्नयन के लिए युवाओं ने कराया ऑनलाईन पंजीयन
जिला स्तरीय मुख्यमंत्री स्वरोजगार तथा कौशल सम्मेलन में युवाओं ने कौशल उन्नयन के लिए स्टॉल लगाकर ऑनलाईन पंजीयन किया गया। प्रातः 11 बजे से ही पंजीयन के लिए युवाओं की भारी भीड़ देखी गई।
 
मॉडलों के प्रदर्शन का सुनहरा अवसर
इस सम्मेलन में शासकीय आईटीआई के युवाओं द्वारा बहुउपयोगी तथा बहुद्देशीय मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। इन प्रदर्शनों में ऊर्जा, यातायात, निर्माण तकनीक, नगरीय विकास तथा यांत्रिकी पर आधारित मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। यह मेला युवाओं में उनकी प्रतिभा और कल्पनाशीलता के मॉडलों के प्रदर्शन का सुनहरा अवसर था।
 
सफलता की कहानी, प्रवीण की जुबानी
सम्मेलन में आए मण्डीदीप निवासी प्रवीण ने बताया कि बीकॉम की पढ़ाई करने के बाद सबसे पहले उसने 800 रूपए की नौकरी प्रारंभ की, फिर 1000, फिर 1500 और बाद में 6 हजार रूपए मिलने शुरू हुए। लेकिन प्रवीण का उद्देश्य नौकरी करना नहीं था। उसने स्वयं का रोजगार स्थापित करने का निर्णय लिया और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 25 लाख रूपए का ऋण लेकर नमकीन का व्यापार प्रारंभ किया। प्रवीण ने बताया कि अब वह कई लोगों को रोजगार दे रहा है और अपने व्यापार का विस्तार भी कर रहा है। प्रवीण ने युवाओं से आव्हान किया कि नौकरी के लिए समय गंवाने की बजाए स्वयं का रोजगार स्थापित करें।    

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com