-->

Breaking News

वीएचपी के शीर्ष नेता गिरफ्तार, अयोध्या की शांति में खलल नहीं

अयोध्या : विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) द्वारा अयोध्या-फैजाबाद सहित छह जिलों से होकर गुजरने वाली 84 कोसी परिक्रमा यात्रा को रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए कडे़ सुरक्षा प्रबंध के चलते हालात नियंत्रण में रहे। वीएचपी ने अयोध्या से अपनी विवादास्पद यात्रा की प्रतीकात्मक शुरुआत की, जबकि प्रशासन ने जबर्दस्त धरपकड़ के बीच संगठन के शीर्ष नेताओं - अशोक सिंघल और प्रवीण तोगड़िया को गिरफ्तार कर लिया।यात्रा को रोकने के लिए अयोध्या को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया। वहां चप्पे-चप्पे पर खुफिया पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

पुलिस ने वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया और अशोक सिंघल सहित 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और प्रशासन को चकमा देकर तोगड़िया शनिवार रात ही सड़क मार्ग से अयोध्या पहुंच गए थे। वह अपने समर्थकों के साथ आज सुबह 10 बजे जैसे ही गोलाघाट की ओर रवाना हुए मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने उन्हें उनके समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

वीएचपी नेता अशोक सिंघल को भी लखनऊ हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया। सिंघल को हवाई अड्डे से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। सिंघल ने कहा, मुझे क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है,  हमने कौन सा अपराध किया है। उन्होंने हवाई अड्डा छोड़ने से इनकार किया। यह पूछे जाने पर कि क्या वह दिल्ली वापस जाएंगे, सिंघल ने कहा, मैं दिल्ली वापस क्यों जाऊंगा, मैं तो अयोध्या जाने के लिए आया हूं। इस बीच, सिंघल को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हवाई अड्डे के बाहर मौजूद बड़ी संख्या में बीजेपी और वीएचपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।

इससे पूर्व भाजपा के पूर्व सांसद रामविलास वेदांती और वर्तमान विधायक रामचंद्र यादव को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वेदांती को सुबह करीब सात बजे उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अपने घर से परिक्रमा के लिए रवाना हुए। इसके अलावा करीब 350 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि विधायक रामचंद्र यादव को भी यहां से गिरफ्तार कर लिया गया। शहर में कर्फ्यू जैसी स्थिति है। दुकानें बंद हैं और नया घाट क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।अयोध्या की ओर कूच कर रहे सैकड़ों की संख्या में संतों को आगरा, झांसी आदि जिलों में गिरफ्तार कर लिया गया। सामान्य दिनों में आने वाले तीर्थ यात्री भी अब वहां जाने से परहेज कर रहे हैं। वहीं अयोध्या में पहले से मौजूद तीर्थ यात्री मौका पाकर समय से पूर्व ही अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

वर्तमान में अयोध्या में स्थानीय निवासियों के अलावा यदि कोई बाहरी है तो सिर्फ और सिर्फ पुलिस बल। अयोध्या-फैजाबाद जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं। वहीं यूपी की सीमा से जुड़ने वाले समीपवर्ती राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार तथा छत्तीसगढ़ की सीमाओं पर चैकसी बढ़ा दी गई है।प्रशासन ने पहले से ही वीएचपी की योजना का पता लगाने के लिए अयोध्या के महत्वपूर्ण ठिकानों पर खुफियाकर्मियों का जाल बिछा दिया था। इसके अलावा 10 अस्थायी जेलें भी बनाई गईं।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com