-->

Breaking News

गेंदबाजों और स्मिथ ने दिलाई मुंबई को जीत

मुंबई | मुंबई इंडियन्स ने चैम्पियन्स लीग टी20 ग्रुप ए मैच में हाईवेल्ड लायंस को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें जीवंत रखी.गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन के बाद ड्वेन स्मिथ के तूफानी अर्धशतक के दम पर मुंबई इंडियन्स ने शुक्रवार को जयपुर में लायंस को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा है.मुंबई की टीम ने लायंस को पांच विकेट पर 140 रन के स्कोर पर रोकने के बाद स्मिथ (नाबाद 63) की बदौलत नौ गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 141 रन बनाकर जीत दर्ज की. स्मिथ ने 47 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े. उन्होंने कीरोन पोलार्ड (20 गेंद में नाबाद 32, दो चौके, तीन छक्के) के साथ चौथे विकेट के लिए 5.5 ओवर में 51 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को आसान जीत दिलाई.

मुंबई की ओर से प्रज्ञान ओझा ने 26 रन देकर दो विकेट चटकाए. हरभजन सिंह और रिषि धवन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में क्रमश: 19 और 22 रन देकर एक-एक विकेट चटकाया.मुंबई की तीन मैचों में यह पहली जीत है. उसे पहले मैच में राजस्थान रायल्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी जबकि उसका पिछला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. दूसरी तरफ लायंस की तीन मैचों में यह लगातार दूसरी हार है जबकि उसका भी एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था.लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई की शुरुआत खराब रही और उसने तीसरे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (05) का विकेट गंवा दिया जो सोहेल तनवीर की धीमी और सीधी गेंद को पूरी तरह चूककर बोल्ड हो गए.

स्मिथ ने इसके बाद जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की. उन्होंने तनवीर पर छक्का जड़ने के बाद लोनवाबो सोतसोबे पर भी लगातार दो छक्के जड़े. दिनेश कार्तिक ने भी हार्डस विलजोएन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया. लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने कार्तिक को बैकर्वड प्वाइंट पर कप्तान अल्वीरो पीटरसन के हाथों कैच कराके मुंबई को दूसरा झटका दिया. कप्तान रोहित शर्मा भी 17 गेंद में 20 रन के बनाने के बाद ड्वेन प्रिटोरियस का शिकार बने. उन्होंने स्मिथ के साथ 43 रन जोड़े.

स्मिथ ने हालांकि एक छोर संभाले रखा. उन्होंने विलजोएन और ताहिर पर दो-दो चौके मारे. उन्होंने ताहिर की गेंद पर एक रन के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. मुंबई को अंतिम सात ओवर में जीत के लिए 47 रन की दरकार थी. अगले तीन ओवर में सिर्फ 11 रन बने जिससे बल्लेबाजों पर कुछ दबाव बना.

पोलार्ड ने विलजोएन की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया. उन्होंने अगले ओवर में प्रिटोरियस पर भी दो छक्के जड़कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. तनवीर ने इसके बाद वाइड गेंद फेंककर मुंबई की जीत सुनिश्चित की.इससे पहले लायंस के लिए कप्तान अल्वीरो पीटरसन (नाबाद 35) और ड्वेन प्रिटोरियस (नाबाद 31) ने छठे विकेट के लिए 59 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. दोनों ने अंतिम पांच ओवर में 51 रन बटोरे.

रोहित ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन पहले ओवर में ही तकनीकी खराबी के कारण बिजली के एक टावर की बत्ती गुल हो गई जिसके कारण 20 मिनट से अधिक समय तक खेल रोकना पड़ा. मैच दोबारा शुरू होने पर सलामी बल्लेबाज रेसी वान डेर डुसेन (13) ने मिशेल जानसन पर लगातार दो चौके मारे जबकि क्विंटन डि काक (19) ने भी नाथन कोल्टर नील पर दो चौके जड़े.

डुसेन ने जानसन पर एक और चौका मारा लेकिन अगली गेंद को पुल करने की कोशिश में स्क्वायर लेग पर रिषि धवन को आसान कैच दे बैठे. तेज गेंदबाज धवन ने डि काक को अपना पहला ओवर मेडन फेंका जिससे बायें हाथ का यह बल्लेबाज दबाव में आ गया. हरभजन ने इसका फायदा उठाते हुए उन्हें पगबाधा आउट करके सातवें ओवर में लायंस का स्कोर दो विकेट पर 41 रन किया.

अनुभवी नील मैकेंजी (15) ने धवन पर लांग आन पर पारी का पहला छक्का जड़ा लेकिन इसी ओवर की अंतिम गेंद पर वह अपना आफ स्टंप गंवा बैठे. जीन साइम्स (14) ने भी प्रज्ञान ओझा का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन बायें हाथ के इस स्पिनर की अगली गेंद पर बोल्ड हो गए. ओझा ने सोहेल तनवीर (02) को पवेलियन भेजकर लायंस का स्कोर पांच विकेट पर 81 रन किया.

प्रिटोरियस और पीटरसन ने इसके बाद मोर्चा संभाला. दोनों ने 16वें ओवर में ओझा पर छक्के जड़कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. दोनों ने अंतिम पांच ओवरों तेजी से रन बटोरे. पीटरसन ने धवन पर दो चौके मारे जबकि प्रिटोरियस ने कीरोन पोलार्ड पर अपना दूसरा छक्का जड़ा. पीटरसन ने 27 गेंद में तीन चौके और एक छक्का मारा. प्रिटोरियस की 21 गेंद की पारी में दो छक्के और एक चौका शामिल रहा.

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com