-->

Breaking News

मध्य प्रदेश बीजेपी में उम्मीदवारी को लेकर एतराज और इंकार

भोपाल | मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए अपने ही लोग मुसीबत बनने लगे हैं, क्योंकि कई मौजूदा विधायकों और संभावित उम्मीदवारों को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं तो कई विधायक अगला चुनाव ही लड़ने को तैयार नहीं हैं।राज्य में इसी वर्ष विधानसभा के चुनाव होना है। भाजपा इस चुनाव में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर नया इतिहास रचना चाहती है। इसके लिए पार्टी स्तर पर जोरशोर से तैयारी जारी है। एक तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता के बीच जाकर अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रहे हैं तो दूसरी ओर संगठन ने अपने स्तर पर बैठकें की है और आगामी कार्ययोजना भी बनाई है।

भाजपा में उम्मीदवारी के लिए कदमताल जारी है। वैसे पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने साफ कर दिया है कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा अक्टूबर में होगी। इसके बावजूद पार्टी के भीतर उम्मीदवारी को लेकर एतराज व संभावित उम्मीदवारों का चुनाव लड़ने से इंकार का सिलसिला शुरू हो गया है। सरकार के दो मंत्रियों -अजय विश्नोई और ब्रजेंद्र प्रताप सिंह- के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने विरोध के स्वर बुलंद कर दिए हैं। विश्नोई जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से विधायक हैं और संभावित उम्मीदवार भी, यहां के कार्यकर्ता उन्हें बाहरी बताकर विरोध कर रहे हैं। वहीं पन्ना जिले के पवई विधानसभा से विधायक सिंह पर भी बाहरी होने का आरोप है और कार्यकर्ता उन्हें उम्मीदवार न बनाने की मांग करते हुए भोपाल में प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उठते स्वर को लेकर विश्नोई का कहना है कि पार्टी का जो निर्देश होगा उसका वह पालन करेंगे। वही मंत्री सिंह ने इस विरोध को कांग्रेस की साजिश करार दिया है। एक तरफ जहां दो मंत्रियों के खिलाफ विरोध के स्वर मुखर हुए हैं, वहीं सतना जिले से विधायक और सरकार में लोक निर्माण मंत्री नागेंद्र सिंह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। सिंह ने अपनी इस भावना से पार्टी को अवगत भी करा दिया है। उनका कहना है कि वह चाहते हैं कि आगामी चुनाव में युवाओं को स्थान दिया जाए और वह पार्टी के लिए काम करेंगे। ऐसी उनकी मंशा है, इसीलिए अगला चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। नजदीक आती चुनावी बेला में भाजपा के लिए यह स्थिति ऐसी पहेली बन गई है, जिसे उसे समय रहते ही सुलझाना होगा।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com