-->

Breaking News

प्लंकेट और ब्राड की शानदार गेंदबाजी से संकट में श्रीलंका

लीड्स : तेज गेंदबाज लियाम प्लंकेट के सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन और स्टुअर्ट ब्राड की हैट्रिक की मदद से इंग्लैंड ने यहां श्रीलंका को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन 257 रन पर आउट कर दिया।प्लंकेट ने अपने यार्कशर घरेलू मैदान पर 64 रन देकर पांच विकेट लिये। ब्राड ने श्रीलंका के तीन बल्लेबाजों कुमार संगकारा (79), दिनेश चांदीमल (45) और शामिंदा इरंगा (शून्य) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजकर अपने करियर की दूसरी हैट्रिक पूरी की। वह वर्ष 2011 में भारत के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में भी हैट्रिक बना चुके हैं।

ब्राड दो हैट्रिक हासिल करने का कारनामा करने वाले इंग्लैंड के पहले और विश्व के सिर्फ चौथे गेंदबाज बन गये। उनसे पहले आस्ट्रेलिया के ह्यूज ट्रंबल और जिमी मैथ्यूज तथा पाकिस्तान के वसीम अकरम यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।पहले दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 36 रन बना लिये। एलिस्टर कुक 14 और सैम राबसन 21 रन बनाकर क्रीज पर थे। श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक स्कोर संगकारा ने बनाया। हालांकि उन्हें इस स्कोर तक पहुंचाने में इंग्लैंड के खिलाड़ियों द्वारा दिये गये चार जीवनदानों का भी योगदान रहा।

संगकारा ने दो मैचों की इस श्रृंखला में तीसरी बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया। इससे पहले उन्होंने लार्डस में ड्रा रहे पहले टेस्ट मैच में 147 और 61 रन की पारियां खेली थीं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों लियाम प्लंकेट और जेम्स एंडरसन की धारदार गेंदबाजी के सामने श्रीलंका का शीर्ष बल्लेबाजी क्रम कुछ खास नहीं कर पाया। एंडरसन ने दो विकेट चटकाए।

श्रीलंका की ओर से केवल संगकारा ही कुछ चुनौती पेश करते हुए नजर आए लेकिन उन्हें भी इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने चार बार जीवनदान दिया। संगकारा जब शून्य पर थे तब वह रन आउट होने से बाल बाल बचे जबकि 16 रन के स्कोर पर वह विकेटों के पीछे लपके गये लेकिन गेंदबाज प्लंकेट और विकेटकीपर मैट प्रायर में से किसी ने भी अपील नहीं की। इसके बाद संगकारा जब 27 रन पर थे तो उन्हें प्रायर ने कैच छोड़कर फिर से जीवनदान दिया। 57 रन के स्कोर पर इस श्रीलंकाई खिलाड़ी का एक मुश्किल कैच मोइन अली ने छोड़ा।

इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टर कुक ने आसमान में बादलों के बीच पिच की नमी का फायदा उठाने के लिए टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका को पहला झटका कौशल सिल्वा (13) के रूप में लगा जब वह एंडरसन की गेंद पर प्रायर को कैच थमा बैठे। एंडरसन की जगह गेंदबाजी करने आए प्लंकेट ने अपनी दूसरी ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज दिमुथ करूनारत्ने (28) को स्विंग गेंद पर बोल्ड कर दिया।

प्लंकेट ने इसके बाद महेला जयवर्धने (22) और लाहिरू तिरिमाने (शून्य) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजकर श्रीलंकाई मध्यमक्रम की कमर तोड़ दी। इयान बेल ने जयवर्धने का शानदार कैच लपका। संगकारा और जयवर्धने ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। इस बीच संगकारा ने 106 गेंदों में आठ चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (26) को एंडरसन ने तीसरी स्लिप में गैरी बैलेंस के हाथों कैच कराया। अंतिम विकेट के लिए रंगना हेराथ (14) और नुवान प्रदीप (13) ने 28 रन जोड़े। प्रदीप को प्लंकेट ने प्रायर के हाथों कैच कराया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com