-->

Breaking News

व्यापमं घोटाला : भूख हड़ताल पर बैठे दिग्विजय सिंह

गुना (मप्र) : मध्यप्रदेश में किसानों की समस्याओं और व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) में कथित तौर पर हुए घोटाले को लेकर कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा के सदस्य दिग्विजय सिंह ने सोमवार को यहां कलेक्टर कार्यालय के समक्ष बैठकर अपनी एक सप्ताह की भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

भूख हड़ताल को शुरू करने से पहले कांग्रेस महासचिव ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिला कलेक्टर संदीप यादव से मुलाकात की और उनसे जानना चाहा कि उनके (सिंह) द्वारा 20 जून को लिखे गए पत्र पर उन्होंने क्या कार्रवाई की है।

जब कलेक्टर ने सिंह को बताया कि जून 20 से लेकर अब तक जिले में किसी भी किसान को मुआवजा नहीं दिया गया है, तो उन्होंने अपनी भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला ले लिया।

गौरतलब है कि सिंह ने 20 जून को जिले के ओलावृष्टि एवं बाढ़ पीड़ित किसानों को मुआवजा नहीं मिलने, किसानों को सोयाबीन तथा खाद की पर्याप्त आपूर्ति की मांग, फसल बीमा की राशि का भुगतान तथा खाद की कालाबाजारी रोकने सहित अन्य मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया था तथा मांगे पूरी नहीं होने पर सात जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी थी।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार और जिला प्रशासन दोनों पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया और कहा, ‘जिस प्रकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेरे द्वारा लिखे गए पत्रों का जवाब मुझे नहीं देते हैं, ठीक उसी तरह से जिला प्रशासन कोई ऐसा काम नहीं करती, जिसे करने के लिए उसे लिखा जाता है’।

कांग्रेस महासचिव सिंह ने यह भी कहा कि व्यापमं घोटाले के मामले में उनके (सिंह) द्वारा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय मानिकराव खानविलकर को भेजे गए पत्र को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा याचिका के रूप में स्वीकार न करने के मामले में वह अपने वकीलों से चर्चा कर रहे हैं। भूख हड़ताल प्रारंभ करने से पहले सिंह ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और महात्मा गांधी और बाबा साहब अंबेडकर के चित्रों पर फूल-मालाएं चढ़ाई।

उन्होंने कहा कि वह किसानों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे और उम्मीद जताई कि व्यापमं घोटाले में उच्च न्यायालय उचित फैसला लेगा। गौरतलब है कि व्यापमं द्वारा ली गई परीक्षाओं और विभिन्न परीक्षा घोटालों में अनियमितता पाई गई हैं और मध्यप्रदेश का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) इसकी जांच कर रहा है। इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com