-->

Breaking News

सांसदों का आचरण अमर्यादित, सदन की गरिमा बनाएं: नायडू

नई दिल्ली : लोकसभा में अखबार फाड़ कर उसके टुकड़े स्पीकर की ओर उछालने और यूपीएससी सी..सैट विवाद पर राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने के सांसदों के आचरण पर क्षोभ व्यक्त करते हुए संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को कहा कि सदस्यों को सदन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

नायडू ने यहां संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा ‘आसन के समक्ष आना, आगे की सीटों की ओर आना और कागज फाड़ना कुछ लोगों की आदत बन गई है। ऐसी गतिविधियां मर्यादित कतई नहीं हैं। पूरा देश देख रहा है और इस कार्रवाई से किसी को फायदा नहीं होगा।’

उन्होंने कहा, ‘इसलिए मैं सभी सदस्यों से विनम्र आग्रह करता हूं कि हमें सदन की गरिमा बनाए रखने के लिए मिलजुलकर काम करना चाहिए।’ नायडू ने कहा कि कोई मुद्दा कितना गंभीर है, यह बात महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि निर्धारित प्रक्रियाएं हैं जिनके जरिये इसे उठाया जा सकता है।

संवाददाताओं ने संसदीय कार्य मंत्री से आज लोकसभा में व्यवधान के बारे में पूछा था जब राजद के एक उद्वेलित सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव यूपीएससी परीक्षा विवाद पर बयान की मांग को लेकर एक अखबार लहराते हुए आसन के समक्ष आए और अखबार के टुकड़े कर फेंक दिए। कुछ टुकड़े स्पीकर की टेबल पर गिरे।

नायडू ने कहा कि अगर हर सदस्य अपनी पसंद के विषय पर और पसंदीदा समय पर बोलेगा तो सदन के लिए कामकाज करना मुश्किल हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह चलन बन गया है कि हर मुद्दे पर सदस्य प्रश्नकाल निलंबित करने के लिए नोटिस देते हैं। उन्होंने कहा ‘प्रश्नकाल सदन का होता है, सदस्यों का होता है। क्या आप उस अधिकार को निलंबित करना चाहते हैं। मैं इस भावना से सहमत नहीं हूं। अगर कोई मुद्दा गंभीर है तो निश्चित रूप से सरकार कह चुकी है कि वह हर मुद्दे पर बहस करने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए एक व्यवस्था है।’

उन्होंने कहा कि सदन के लिए नियम और नियमन हैं और पीठासीन अधिकारी व्यवस्था देता है जिसका सदस्यों को पालन करना होता है। यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में सी..सैट के मुद्दे पर नायडू ने कहा कि एक समिति इस मुद्दे पर गौर कर रही थी और लगता है कि उसने अपनी रिपोर्ट दे दी है। एक बार रिपोर्ट का अध्ययन कर लिया जाए और निर्णय ले लिया जाए तो उसे संसद को बता दिया जाएगा।

संसदीय कार्य मंत्री से पूछा गया कि क्या परीक्षाएं तय समय के अनुसार होंगी। इस पर नायडू ने जवाब दिया कि सभी बातों का समुचित समय पर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा ‘परीक्षाएं किसी ने आगे नहीं बढ़ाई हैं। हमें छात्रों के दिमाग में कोई भ्रम पैदा नहीं करना चाहिए। समुचित समय पर सरकार तय करेगी कि क्या किया जाना है।’ नायडू ने कहा कि इस मुद्दे पर कई तरह की राय हैं जिन पर विचार करना होगा।

संसदीय कार्य मंत्री से पूछा गया कि नेशनल हेराल्ड मामले में की जा रही कार्रवाई को कांग्रेस नेता राजनीतिक बदला करार दे रहे हैं। इस पर नायडू का जवाब था ‘शायद वे अपने अनुभव के आधार पर बोल रहे होंगे।’

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com