-->

Breaking News

चैम्पियंस लीग के जरिए वापसी करना चाहते हैं जहीर

नई दिल्ली : इस सप्ताह से गेंदबाजी शुरू करने जा रहे भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान अगले महीने शुरू हो रही चैम्पियंस लीग के जरिये वापसी करना चाहते हैं जिसमें वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे।

जहीर ने एक साक्षात्कार ने कहा, ‘मैं अगले महीने शुरू हो रही चैम्पियंस लीग में खेलना चाहता हूं। लेकिन मुझे देखना होगा कि रिहैबिलिटेशन में क्या प्रगति है और फिजियो से क्या फीडबैक मिलता है।’ भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर को इस साल आईपीएल के दौरान चोट लगी थी जिसकी वजह से वह इंग्लैंड दौरे पर नहीं जा सके।

भारत के लिये 92 टेस्ट में 311 और 200 वनडे में 281 विकेट ले चुके इस गेंदबाज ने कहा, ‘मेरे रिहैबिलिटेशन का दूसरा चरण इस सप्ताह शुरू होगा जिसमें मैं गेंदबाजी करूंगा। इसके बाद देखते हैं कि क्या स्थिति रहती है। उम्मीद है कि अगले पांच सप्ताह में गेंदबाजी के लिये मैं शत प्रतिशत फिट हो जाऊंगा।’ उन्होंने कहा, ‘चोटों से निबटना आसान नहीं होता। आपको संयम के साथ सही मार्गदर्शन में रिकवरी पर काम करना होता है। मैंने हर बार ऐसा ही किया है। रिहैबिलिटेशन के चरण होते हैं और 100 प्रतिशत फिट होने पर ही आप वापसी कर सकते हैं।’

अपने 14 बरस के कैरियर में चोटों के अनुभव ने ही उन्हें फिटनेस ट्रेनिंग और फिजियोथेरेपी सेवा ‘प्रोस्पोर्ट’ शुरू करने की प्रेरणा दी । इसमें भारतीय टीम के पूर्व फिजियो एंड्रयू लीपस और पूर्व ट्रेनर एड्रियन ली रॉ भी शामिल हैं।

जहीर ने कहा, ‘यह मेरा सपना है और मेरे कैरियर से भी सीधे जुड़ा है। खिलाड़ियों का कैरियर चोटों से अछूता नहीं रहता है और अपने अनुभव के आधार पर मुझे महसूस हुआ कि भारत में भी ऐसी सुविधा होनी चाहिये ताकि विशेष सलाह के लिये विदेश ना जाना पड़े।’ इंग्लैंड दौरे पर तीसरे टेस्ट में मिली हार के बावजूद जहीर भारतीय टीम खासकर युवा तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश है। उन्होंने कहा, ‘यह युवा टीम है और हमें इसे समय देना होगा। विदेश में अधिक से अधिक खेलने पर वे सीखेंगे। हमने भी अतीत में ऐसे ही अच्छा प्रदर्शन किया है। उस समय हमारे पास ऐसे सीनियर मार्गदर्शक थे जिन्हें विदेश में खेलने का अपार अनुभव था। यह मायने रखता है।’ उन्होंने लार्डस टेस्ट में टीम प्रयासों से मिली जीत की तारीफ की जहां भारत 28 साल बाद टेस्ट जीता।

उन्होंने कहा, ‘लार्डस टेस्ट में भारत का प्रदर्शन बेहतरीन था और यह टीम प्रयास था। अजिंक्य रहाणे ने पहली पारी में शतक लगाकर भारत का आधार मजबूत किया। भुवी ने पहली पारी में अच्छा स्पैल डालकर भारत का दबदबा बनाया और फिर ईशांत ने दूसरी पारी में मैराथन स्पैल फेंका जिसकी बहुत जरूरत थी।’ उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के लिये आलोचना झेलने वाले ईशांत का भी बचाव किया।

जहीर ने कहा, ‘वह काफी मेहनती खिलाड़ी है और पिछले प्रदर्शन को देखे तो वह तेजी से निखर रहा है। अब वह काफी अनुभवी हो गया है और तेज आक्रमण की अगुवाई की अतिरिक्त जिम्मेदारी से उसे अच्छे प्रदर्शन की प्रेरणा मिली।’ उनका यह भी मानना है कि गेंदबाजी हरफनमौला के तौर पर भुवनेश्वर टीम के लिये बोनस साबित हो सकते हैं।

जहीर ने कहा, ‘विदेश में अगर आपके पास उपयोगी हरफनमौला है तो इससे टीम का संतुलन बदल जाता है। भुवी अगर उस स्थिति में है तो टीम के लिये यह बोनस होगा।’ उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाजों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भारतीय टीम के लिये अच्छा संकेत है।

उन्होंने कहा, ‘यह टीम के लिये हमेशा अच्छा है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा उम्दा होती है और मैं इससे बहुत खुश हूं।’ विश्व कप 2011 विजेता टीम के सदस्य रहे जहीर का यह भी मानना है कि भारत अगले साल न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप में खिताब बरकरार रखेगा।

उन्होंने कहा, ‘हमने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्व कप बड़ा टूर्नामेंट है और इसमें खेलना अलग ही अहसास है। इसमें काफी जज्बात जुड़े होते हैं और टीम एक ईकाई के रूप में अच्छी होनी चाहिये। एक दूसरे के साथ और सफलता का आनंद लेना चाहिये। हमने पिछले विश्व कप में भी ऐसा किया और अगले साल भी करेंगे।’

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com