-->

Breaking News

कांग्रेस ज्यादा न बोले, वर्ना कालेधन मामले में जाना पड़ेगा जेल

भोपाल। केंद्रीय शहरी विकास व संसदीय मामलों के मंत्री एम वैंकेया नायडू ने दावा किया कि कालेधन की सूची में किसी भाजपा नेता या उसके परिवार का नाम नहीं है। इस मामले में कांग्रेस ज्यादा न बोले। आने वाले दिनों में उनके लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भाजपा नाम जाहिर करने से ज्यादा काम पर विश्वास रखती है। जल्द ही कालाधन लाएंगे और उसे रखने वालों को जेल भेजेंगे। नायडू ने गुरुवार को भोपाल में यह बात कही। वे भेल दशहरा मैदान में आयोजित भाजपा के संकल्प अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारत के जर्मनी, स्वीडन समेत अन्य देशों से अंतरराष्ट्रीय संबंध हैं, जिनके कारण नाम सार्वजनिक नहीं कर पा रहे। यदि नाम बता दिए तो अन्य देश न सबूत देंगे और न ही कोई सहयोग करेंगे। नायडू ने यह सफाई भी दी कि कालेधन के मुद्दे से पार्टी कोई राजनीतिक फायदा नहीं लेना चाहती। लेकिन यह भी सही है कि कालाधन वापस लेकर आएंगे। नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, सोनिया-मनमोहन सो रहे थे और देश रो रहा था। अब सत्ता चली गई तो चिल्ला रहे हैं। दिग्विजय के नाम के साथ विजय लगा हुआ है, लेकिन उन्हें कभी विजय नसीब नहीं होगी।

आने वाले दिनों पेट्रोल-डीजल की कीमतें और कम होंगी
नायडू ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद से पेट्रोल के दाम घट रहे हैं। आने वाले दिनों पेट्रोल-डीजल के दाम और कम होंगे। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है।

नगरीय प्रशासन की जवाबदेही तय करेंगे, उसे पारदर्शी बनाएंगे : नायडू
भोपाल में हो रहे दो दिवसीय संकल्प अधिवेशन के जरिए भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव का शंखनाद कर दिया। गुरुवार को कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम वैंकेया नायडू ने ऐलान किया कि नगरीय प्रशासन को जवाबदेह और पारदर्शी के लिए जल्द ही एक नियम बनाया जाएगा कि नगर निगम, नगर पालिका और वार्ड वार जनता ने सरकार को कितना टैक्स दिया है, उसका ब्यौरा साइन बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए। इसी के आधार पर जनता तय करेगी कि उसके क्षेत्र में टैक्स देने के बाद भी विकास कार्य आखिर क्यों नहीं हो रहे। नायडू ने यह भी जोड़ा कि रेवेन्यू बढ़ाने के लिए शहरों की डिजिटल मेपिंग की जाएगी। इसी से पता चल जाएगा कि इलाके में कितना मकान, फ्लैट, उद्योग, जमीन अथवा कंस्ट्रक्शन के काम चल रहे हैं। इसके आधार पर राजस्व की वसूली होगी।

भोपाल-इंदौर से एक साथ शुरू होगी मेट्रो रेल
नायडू ने कहा कि भोपाल और इंदौर में प्रस्तावित मेट्रो रेल एक साथ शुरू होंगे। जैसे ही राज्य सरकार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करके बताएगी, केंद्र सरकार तत्काल उसे मंजूर कर मदद देगी। भोपाल-इंदौर के बाद मप्र के अन्य शहरों में भी इस सुविधा को बढ़ाने पर विचार होगा।

जबलपुर-गोंदिया ब्रॉड गेज को मंजूरी जल्द : जावड़ेकर
जावड़ेकर ने जबलपुर-गोंदिया नेरोगेज रेल लाइन को ब्रॉड गेज में बदलने की मंजूरी जल्द देने की घोषणा की। संकल्प अधिवेशन में उन्होंने कहा कि इस लाइन के अध्ययन के लिए बनी कमेटी ने सकारात्मक रिपोर्ट दे दी है। जावड़ेकर ने कहा कि वो अपनी सांसद निधि छिंदवाड़ा को देंगे। साथ ही चित्रकूट के आसपास के गांवों को आदर्श ग्राम बनाने में जुटेंगे।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com