-->

Breaking News

हमारा कार्यकर्ता जीत का सूत्र है और वही हमारी ताकत: चौहान

भोपाल। नगरीय निकाय चुनाव का शंखनाद करने के लिए भेल दशहरा मैदान में आयोजित भाजपा संकल्प अधिवेशन में कार्यकर्ताओं की भीड़ देखते ही बनी। 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अधिवेशन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने दोपहर 12  बजे किया।

अधिवेशन के औपचारिक उद्घाटन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा कार्यकर्ता जीत का सूत्र है और वही हमारी ताकत है। अधिवेशन में शामिल होने के लिए केंद्र के चार मंत्री नायडू, प्रकाश जावड़ेकर, नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत भोपाल आए हैं। हालांकि मां कि तबीयत बिगड़ जाने की खबर मिलते ही नरेंद्र सिंह तोमर अधिवेशन बीच में ही छोड़कर चले गए।


10-15 सालों तक रहनी चाहिए भाजपा की सरकारः नायडू
अधिवेशन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि निगम और राज्य में 10-15 साल तक भाजपा की सरकार रहनी चाहिए, ताकि केंद्र सरकार का पैसा निगम एवं गांव तक सही सलामत पहुंचे। नायडू ने मप्र को मोस्‍ट परफार्मिंग स्‍टेट बताया। उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार इंदौर और भोपाल को मेट्रो रेल की सुविधा प्रदान करेगी। इतना ही नहीं केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम भी कम करेगी और सरकार जल्द ही काला धन वापस लेकर आएगी। सम्‍मेलन में भाग लेने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्‍वराज दोपहर बाद यहां पहुंचेंगी।

नगरीय निकाय चुनाव का शंखनाद करने के लिए 31 अक्टूबर को भी संकल्प अधिवेशन में भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। अधिवेशन के लिए प्रदेशभर से बुलाए गए 22 हजार पालक, संयोजक और बूथ प्रभारी भोपाल में जिन11 हजार परिवारों के यहां रुक रहे हैं, वे उन परिवारों को तुलसी का पौधा, नर्मदा जल और भागवत गीता भेंट करेंगे। भोपाल में एक हजार मुस्लिम परिवारों के यहां भी कार्यकर्ता रुकेंगे।

नर्मदा जल और गीता लेकर आएंगे
प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ता अपने साथ नर्मदा जल और गीता लेकर आएंगे, जो वो यहां एक-दूसरे को भेंट करेंगे। जब उनसे सवाल किया गया कि, अगर कोई कार्यकर्ता गीता स्वीकार न करे तो? उन्होंने कहा कि, जो गीता स्वीकार करेगा, वो ही लेकर जाए। चौहान के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं को पौधे भी बांटे जाएंगे, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

शिवराज सिंह के घर रुकेंगे पांच कार्यकर्ता
जपा संगठन ने भोपाल आने वाले कार्यकर्ताओं को होटलों और धर्मशालाओं में ठहराने की पारंपरिक व्यवस्था की जगह स्थानीय कार्यकर्ताओं को अपने घरों में मेहमान बनाने की रणनीति बनाई है। चौहान के मुताबिक इससे अपव्यय तो रुकेगा ही; साथ कार्यकर्ताओं के बीच पारिवारिक भावनाएं भी विकसित होंगीं। स्थानीय कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता के अनुसार मेहमानों के पारंपरिक स्वागत से लेकर प्रवास के दौरान उनकी घर की तरह मेजबानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर पांच कार्यकर्ता ठहरेंगे। इनमें दो आदिवासी झाबुआ और मंडला, दो पिछड़ा वर्ग उज्जैन और सागर से और रीवा से एक सामान्य वर्ग का कार्यकर्ता होगा।

आयोजन स्थल पर चार प्रदर्शनियां
चौहान के मुताबिक, आयोजन स्थल पर चार प्रदर्शनियां भी लगाई जा रही हैं। जो जनसंघ, मोदी के माय आइडिया आफ इंडिया, प्रदेश सरकार की उपलब्धियां और इन्वेस्टर्स मीट से संबंधित जानकारियां कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराएंगी।

कार्यकर्ताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन
सम्मेलन में आने वाले कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसका नंबर है-7879088888।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com