-->

'जांबाज' बहनों ने छेड़खानी करने वाले मनचलों की जमकर की धुनाई

रोहतक (हरियाणा) : कॉलेज जा रही दो सगी बहनों ने गजब की हिम्मत दिखाते हुए बस में उनसे छेड़खानी करने वाले तीन युवकों की हरकतों का न केवल मजबूती से विरोध किया बल्कि युवकों के अपनी हरकतों से बाज नहीं आने पर दोनों बहनों ने उनकी जमकर धुनाई भी की।

हालांकि, इस घटना का अफसोसजनक पहलू यह रहा कि भरी बस में से एक यात्री भी उठकर इन दोनों बहादुर लड़कियों की मदद को आगे नहीं आया और वे चुपचाप तमाशा देखते रहे। इतना ही नहीं उन्होंने लड़कों को सबक सिखा रही दोनों बहनों से भी चुप रहने को कहा। देर रात पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों कुलदीप, मोहित और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रोहतक के पुलिस अधीक्षक शशांक आनंद ने बताया कि हमने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (हमला या महिला की गरिमा को नुकसान पहुंचाने की मंशा से आपराधिक बल प्रयोग) और धारा 323 (जानबूझकर नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस घटना पर देशभर से महिला अधिकार कार्यकर्ताओं की ओर से त्वरित प्रतिक्रिया हुई है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

दोनों बहनों ने आरोपियों का डटकर मुकाबला किया और एक ने तो लड़कों की बेल्ट से पिटाई की। एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम की अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग कर ली और वह वीडियो टेलीविजन एवं सोशल मीडिया पर फैल गया। वीडियो में लड़कियां लात-घूसों और बेल्ट से छेड़खानी करने वालों की धुनाई करती हुई नजर आ रही हैं और आरोपी हक्के-बक्के दिख रहे हैं। दोनों बहनों के माता-पिता ने हरियाणा पुलिस के समक्ष दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया है कि छेड़छाड़ करने वाले युवक रोहतक में कंसाला गांव में उतर गए थे।

लड़कियों ने पुलिस में शिकायत की है कि शुक्रवार को जब वे हरियाणा रोडवेज की बस से कॉलेज जा रही थीं तब कुछ युवकों ने उनसे छेड़खानी की। आपत्ति करने पर एक आरोपी उन्हें पीटने लगा। लड़कियों ने हिम्मत नहीं हारी और लड़कों का मुकाबला किया। हालांकि, सहयात्रियों ने उन्हें कोई सहयोग नहीं किया। पुलिस ने बताया कि एक लड़की ने तो आरोपी की बेल्ट से पिटाई की। इनमें से एक लड़की ने बताया कि उन्होंने हमें धमकी दी और हमारे साथ बदतमीजी की। इनमें से एक ने मेरी बहन को गलत तरीके से छुआ। उन्होंने अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए। काफी कहासुनी के बाद इन लड़कों में से एक ने अपने दोस्तों से कहा कि वे हमें मारें। एक ने मेरी बहन को मारा जबकि बाकी दो ने मेरे हाथ पकड़ लिए।

इस लड़की ने बताया कि इसके बाद मैंने अपनी बेल्ट निकाली और उन पर बरसाई। जब बस धीमी हुई तो उन्होंने हमें बस में से धक्का दे दिया। इस लड़की ने यह भी बताया कि उसने आपात सेवा हेल्पलाइन नंबर को भी कॉल किया लेकिन दूसरी तरफ से जवाब मिला कि वे दो मिनट बाद पलट कर कॉल करेंगे लेकिन कुछ नहीं हुआ। लड़की ने कहा कि उनकी मदद करने की बजाय कुछ यात्रियों ने उन्हें लड़कों से लड़ने के खिलाफ सलाह दी और चेतावनी दी कि हो सकता है कि कल ही ये लड़कियों को मार दें। एक लड़की ने बताया कि कोई यात्री हमारी मदद को नहीं आया। कुछ तमाशा देखते रहे तो कुछ को अपनी सुरक्षा की चिंता थी। इस बीच दोनों बहनों के पिता ने आरोप लगाया है कि पंचायत से उन पर इस बात का दबाव पड़ रहा है कि लड़कियां शिकायत वापस ले लें।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com