-->

Breaking News

किरण बेदी, केजरीवाल और अजय माकन सहित कई नेताओं ने पर्चे भरे

नई दिल्ली। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस की प्रचार अभियान समिति के प्रमुख अजय माकन सहित कई नेताओं ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिये नामांकन के अंतिम दिन आज यहां अपने पर्चे भरे।

कृष्णानगर सीट से चुनाव लड़ रहीं बेदी ने एक रोड शो निकाला जिसमें उनके साथ कृष्णानगर सीट से कई बार चुनाव जीतने वाले डा. हर्षवर्घन सहित कई नेता शामिल थे। गत 15 जनवरी को भाजपा में शामिल हुई बेदी का इस सीट पर आप के एस के बग्गा और कांग्रेस के बंसी लाल से मुकाबला है। भाजपा की सबसे सुरक्षित सीट कृष्णानगर से डॉ. हर्षवर्घन 1993 से लगातार विधायक रहे हैं। दिल्ली भर में आज सभी दलों के प्रमुख नेताओं सहित अधिकांश उम्मीदवारों के आज ही पदयात्रायें और जलूस निकाल कर पर्चा दखिल करने से कई जगहों पर जाम लग गया ।

पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शाहजहां रोड स्थित जामनगर हाउस में नई दिल्ली सीट के लिए अपना पर्चा दाखिल किया। मंगलवार को अपने जुलूस के कारण हुई देरी के चलते वे नामांकन दाखिल नहीं कर पाये थे। केजरीवाल जैसे ही पर्चा दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे वहां पहले से ही मौजूद भाजपा समर्थकों ने जमकर मोदी-मोदी के नारे लगाये। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस की किरण वालिया और भाजपा की युवा नेता नुपूर शर्मा से होगा। नूपुर शर्मा कनाट प्लेस में तिरंगे को प्रणाम कर नामांकन करने पहुंचीं।

चुनाव के कांग्रेस की प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष अजय माकन ने सदर बाजार सीट के लिए पर्चा दाखिल किया। माकन पिछले साल लोकसभा का चुनाव हार गए थे लेकिन पार्टी ने दिल्ली में वापसी के लिए इन्हीं पर दांव लगाया है। छात्र राजनीति से करियर शुरू करने वाले माकन अब पार्टी में मीडिया प्रमुख हैं। माकन 1993,1998 और 2003 में लगातार तीन बार विधायक रहे। जनकपुरी से भाजपा के उम्मीदवार जगदीश मुखी पूजा पाठ करके नामांकन के लिए निकले। आप ने इस सीट पर राजेश ऋषि और कांग्रेस ने सुरेश कुमार को प्रत्याशी बनाया है। दिल्ली छावनी से भाजपा के करण सिंह तंवर और पार्टी के 60 अन्य उम्मीदवारों ने आज ही आपने नामांकन दाखिल किये।

नामांकन के लिये निकाली गयी रैली में किरण बेदी ने भाजपा की कमल निशान वाली पट्टी महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय को पहना कर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया जिस पर कांग्रेस नेता अजय माकन ने उन पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे अफसर रहीं हैं और उनके विधान बनाने, राजनीति करने और शासन चलाने का कोई अनुभव नहीं है। किरण बेदी आज पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कृष्णानगर से नामांकन के लिए निकली और अपनी बीजेपी की पट्टी लाला लाजपत राय की मूर्ति को पहना दी। बाद में उन्होंने इसे हल्के में लेते हुये किसी तरह का विवाद से इन्कार करते हुये कहा कि उन्होंने तो यह सब सम्मान देने के लिये किया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com