-->

Breaking News

KCR ने स्वाइन फ्लू पर केंद्र से मदद मांगी

तेलंगाना : तेलंगाना में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराते हुए केंद्र से मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने मोदी से फोन पर बात की और राज्य के स्वास्थ्य विभाग की मदद के लिए केंद्र से चिकित्सा दल भेजने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने राव के आग्रह पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। राव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा से भी बात की और स्वाइन फ्लू को रोकने के लिए तत्काल मदद भेजने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और बंडारु दत्तात्रेय से भी बात की और राज्य की मदद के लिए केंद्र के साथ समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया। राज्य में मंगलवार को स्वाइन फ्लू से पांच और लोगों की मौत हो गई और 50 नए मामले सामने आए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आपात कदम उठाने पर चर्चा के लिए बुधवार शाम राज्य मंत्रिमंडल की आपात बैठक बुलाई।

तेलंगाना के स्वास्थ्य सचिव सुरेश चंद भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों को राज्य में स्वाइन फ्लू की स्थिति से अवगत कराने के लिए नई दिल्ली रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री स्वाइन फ्लू के मामले में स्वास्थ्य विभाग के प्रदर्शन से नाखुश लगे। उनका मामना है कि राज्य में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी कदम नहीं उठाए। राव ने मुख्य सचिव राजीव शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया और अपराह्न तक विस्तृत रपट सौंपने के लिए कहा।

उन्होंने निजी अस्पतालों द्वारा स्वाइन फ्लू से निबटने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा के लिए भी बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह दिवंगत कांग्रेस नेता जी. वेंकटस्वामी को श्रद्धांजलि देने के दौरान कहा, ''शुरुआत में मैंने सोचा कि यह जल्द ही खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। हमें बहादुरी से इसका सामना करना होगा।''

राव ने कहा कि अधिकारियों को एच1एन1 वायरस के संक्रमण को लेकर सतर्क रहने और लोगों को एहतियात बरतने के लिए जागरूक करने की जरूरत है। राव ने कहा कि सरकार स्वाइन फ्लू की दवाएं उपलब्ध कराने के लिए कितनी भी धनराशि खर्च करने के लिए तैयार है।

हैदराबाद के राज्य संचालित गांधी अस्पताल और उस्मानिया अस्पताल में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के पांच और मरीजों की मौत हो गई और इसके बाद इस महीने स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है, जबकि राज्य भर में स्वाइन फ्लू से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 50 अन्य लोगों में एच1एन1 वायरस के लक्षण पाए जाने के बाद इस महीने स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 221 हो गई है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com