-->

Breaking News

उत्तराखंड क्रांति दल के दिवाकर गुट का भाजपा में विलय

देहरादून, 11 नवंबर :उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले प्रदेश के एक प्रमुख क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल के दिवाकर गुट का आज भाजपा में विलय हो गया।

यहां भाजपा राज्य मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट की मौजूदगी में उक्रांद के दिवाकर गुट के प्रमुख दिवाकर भट्ट अपने समर्थकों सहित पार्टी में शामिल हो गये।

पूर्ववर्ती भुवन चंद्र खंडूरी मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रहे दिवाकर भट्ट को पृथक राज्य आंदोलन के दौरान संघर्ष करने वाले अगली पंक्ति के नेताओं में शुमार किया जाता है और गढ़वाल में उनका अच्छा प्रभाव है। वर्ष 2007 में वह टिहरी जिले की देवप्रयाग सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

हालांकि, भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद दिवाकर भट्ट ने कहा कि वह टिकट की लालसा में पार्टी में नहीं आये हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाये जा रहे देश हित के कदमों से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि दिवाकर भट्ट को किसी शर्त पर पार्टी में नहीं लिया गया है। दिवाकर भट्ट के आने से पार्टी के जनाधार को मजबूती मिलने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश को कांग्रेस-मुक्त करने के प्रयासों को भी और बल मिलेगा।