-->

Breaking News

भरोसा बरकरार रखने के लिए PM ने लोगों का आभार प्रकट किया

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा और उसके विकास और सुशासन पर विश्वास बरकरार रखने के लिए लोगों का मंगलवार को आभार प्रकट किया। मोदी ने मध्य प्रदेश, असम और अरुणाचल प्रदेश उपचुनावों में भाजपा के जीत हासिल करने और पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के उपचुनावों में पार्टी के अच्छा प्रदर्शन करने के बाद जनता का आभार प्रकट किया।

मोदी ने लोकसभा और विधानसभा सीटों के उपचुनाव के नतीजे के बाद ट्वीट करके कहा, ‘मैं भाजपा और भाजपा के विकास और सुशासन पर भरोसा बरकरार रहने के लिए लोगों का आभार प्रकट करता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मध्य प्रदेश, असम और अरुणाचल प्रदेश में शानदार जीत के लिए बधाई देता हूं।’ मध्य प्रदेश में भाजपा ने शहडोल लोकसभा सीट जीता और नेपानगर विधानसभा सीट पर भी जीत हासिल की। नेपानगर विधानसभा पर उसकी जीत का अंतर 22 हजार 178 से बढ़कर 42 हजार 198 वोट का हो गया।

भाजपा ने असम में लखीमपुर लोकसभा सीट पर एक लाख 90 हजार 219 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इस सीट पर मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के खाली करने के कारण उपचुनाव कराना पड़ा।

अरूणाचल प्रदेश में भाजपा के नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (एनईडीए) उम्मीदवार डसांगलू पुल ने हुलियांग विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल की। डसांगलू पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल की तीन पत्नियों में से सबसे छोटी हैं। उपचुनाव की जरूरत पुल के आत्महत्या करने के कारण पड़ी। मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘मैं बंगाल में भी अच्छे प्रदर्शन की सराहना करता हूं। भाजपा पश्चिम बंगाल की शानदार जनता की सेवा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’ पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने तामलुक और कूचबिहार लोकसभा सीट पर 4.9 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। 2014 के चुनावों की तुलना में पार्टी की जीत का अंतर दोगुना हो गया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘त्रिपुरा में उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई। पूर्वोत्तर में भाजपा को अपना आधार बढ़ाते देखना अच्छा लग रहा है।’

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com