-->

Breaking News

त्यौहारों पर ज्यादा सतर्कता और सावधानी बरतने की जरूरत


एमपी ऑनलाइन न्यूज़ रिपोर्टर राज पंत

शांति एवं कानून व्यवस्था को गंभीरता से लिया जाए
आयुक्त ने अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

गुना। आयुक्त ग्वालियर संभाग एस.एन. रूपला ने आगामी त्यौहारों रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, ईदुज्जुहा, दशहरा आदि त्यौहारों पर ज्यादा सतर्कता एवं सावधानी बरतने की जरूरत जताते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को त्यौहारों पर आपसी समन्वय एवं सूझबूझ से काम करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने ये निर्देश यहां कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सम्पन्न हुई कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए।

आयुक्त ने शांति एवं कानून व्यवस्था के मसले को गंभीरता से लेने के कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि आपके बीच नीचे से ऊपर तक बेहतर तालमेल और समन्वय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, एस.डी.एम. एवं सी.एस.पी. त्यौहारों पर फील्ड में संयुक्त दौरा कर कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखें। आयुक्त ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला स्तर से लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें लेकर शांति व्यवस्था के हित में काम करें। यह बैठकें किसी भी सूरत में औपचारिक बनकर नहीं रहनी चाहिए। यह सार्थक होनी चाहिए। समाज के प्रमुख व्यक्तियों को इन बैठकों में बुलाया जाए और उनकी राय जानी जाए। उन्होंने कहा कि शांति समिति की बैठकों में आयोजक अधिकारी स्वयं भी मौजूद रहें। आयुक्त ने नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग समेत विद्युत मण्डल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके उत्तरदायित्वों में जो व्यवस्थाएं किया जाना शामिल हैं, त्यौहारों पर समय पर वे सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। इन व्यवस्थाओं का वे भ्रमण कर जायजा भी लें कि वे दुरूस्त हैं।

ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों के मध्य बेहतर समन्वय का होना जरूरी है। किन्तु इन अधिकारियों के बीच की यह एकता ग्राउन्ड पर भी लोगों को दिखनी चाहिए। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि आगामी त्यौहारों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति हल्के में ना ली जाए, बल्कि इसको गंभीरता से लिया जाए। थाना स्तर से लेकर जिला मुख्यालय स्तर तक मुहिम चलाकर शांति समिति की बैठकें ली जाएं। पुलिस महानिरीक्षक ने शांति व्यवस्था के हित में बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि सट्टा एवं जुआ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इसमें संलिप्त बड़े-बड़ों के खिलाफ फौरन कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगामी त्यौहारों को देखते हुए डेढ़-दो माह तक तालमेल के साथ काम करने के कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री राजेश जैन ने बताया कि जिले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों के मध्य समन्वय बना हुआ है। उन्होंने आगामी त्यौहारों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु मिलकर कार्य करने का आश्वासन दिया। बैठक में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com