बाणसागर बांध फूट जाने से नहर का पानी खेतों में भरा
रीवा : जिले से निकलने वाली बाणसागर बांध की क्योंटी केनाल सगरा के पास फूट जाने से नहर का पानी खेतों में भर गया। जिससे कई किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। नहर में आई समस्या की जानकारी लगते ही जल संसाधन, बाणसागर के अधिकारी सक्रिय हुए और नहर फूटने की जांच पड़ताल शुरू की। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि गंगहरा के पास ग्रामीणों द्वारा पानी रोक देने से यह समस्या आई है। क्योंटी केनाल के एसडीओ ने बताया कि नहर में पानी रोकने वाले ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा। कानूनी तौर पर नहर का पानी रोकना गलत है। स्थानीय किसान और नहर के कर्मचारी बोरियों में बालू, मिट्टी भरकर पानी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
ये गांव हुए प्रभावित
बताया जा रहा है कि सगरा में नहर फूटने के कारण नहर से लगे मनकहरी, सगरा, कंचनपुर सहित अन्य गांव प्रभावित हुए हैं। खेतों में पानी भर जाने के कारण धान की फसल को ज्यादा नुकसान नहीं है। जबकि सोयाबीन, उड़द और मूंग की फसल प्रभावित होगी। क्योंकि पानी भर जाने से खेत पलेबा लगाने लायक हो गया है। नहर से लगी 30 से 40 एकड़ की फसल प्रभावित होना बताया जा रहा है।
इससे पहले भी टूट चुकी नहर
नहर निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इससे पहले मनगवां के तिवनी गांव में नहर फूटने से फसल खराब हुई थी। छिजवार में मुख्य नहर फूट जाने के कारण शहर का एक बड़ा हिस्सा बाढ़ की समस्या से प्रभावित हुआ था। चालू वर्ष में भी जिले में नहर टूटने व नहर में रिसाव होने, जगह-जगह नहर दरकने की जानकारी मिल रही है। जिससे नहर से लगे खेतों में पानी भर जाने से किसानों को बोनी करने में समस्या आ रही है। मनकहरी से लगे मझियार गांव में नहर दरक जाने से आसपास के खेतों में पानी भर गया है। जिससे किसानों की बोई हुई फसल न सिर्फ खराब हुई बल्कि आगामी सीजन के लिए खेत तैयार करने में समस्या आ रही है।
नाली की जांच कर रहा दल
लगभग 75 करोड़ की लागत से जिले में बनाई गई काडा के नाली निर्माण की जांच करने के लिए इन दिनों भोपाल से 6 सदस्यीय दल आया हुआ है। उसे जगह-जगह टूटी नालियां मिल रही हैं। इसी तरह नहरों की भी जांच की जाए तो उसकी गुणवत्ता की पोल खुल सकती है। हालांकि सगरा में फूटी नहर के लिए विभाग के लोग किसानों को ही जिम्मेदार बता रहे हैं। विभगीय कार्रवाई और पुलिस की जांच के बाद नहर में की गई छेड़छाड़ और पानी रोकने जैसी मामले की सच्चाई सामने आएगी।
गगहरा गांव के पास ग्रामीणों ने नहर का पानी रोक दिया है जिससे यह समस्या आ रही है और नहर का पानी खेतों में पहुंच गया है। ग्रामीणों के खिलाफ हम जांच कर रहे हैं और थाने में एफआईआर भी करवाई जाएगी।
-आरएन गर्ग, एसडीओ

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com