-->

Breaking News

संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय का 5-एस पद्धति के आधार पर गुणवत्ता पद्धति स्थापना का निरीक्षण किया गया

संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय का 5-एस पद्धति के आधार पर गुणवत्ता पद्धति स्थापना का निरीक्षण किया गया 

अनूपपुर /  मध्यप्रदेश सरकार का सुशासन के क्षेत्र में सहयोगी संस्थान अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान (एआईजीजीपीए) के 2 सदस्यीय दल द्वारा आज संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में लगने वाले विभिन्न शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। इसके पूर्व अपर कलेक्टर डाॅ. आर.पी. तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के सदस्य श्री सुनील देशपाण्डे द्वारा जापानी पद्धति से शासकीय कार्यालयों में बेहतर प्रबंधन, कम लागत में अधिक गुणवत्ता, कार्यालयों के रखरखाव, आने वाले हितग्राहियों के साथ बरताव, कार्यालयों की साफ-सफाई, रिकार्ड संधारण, समयबद्ध सीमा में कार्यों एवं दायित्वों के निर्वहन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सुनील देशपाण्डे ने 5-एस पद्धति के बारें में विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा कि इस पद्धति में कार्यालय संचालन के साथ ही व्यक्तिगत जीवन को सहज और सुलभ बनाया जा सकता है। प्रथम चरण में कार्यालय में उपलब्ध रिकार्डों में से ऐसी नस्तियां जो निरन्तर प्रचलन में रहती हैं, जो कभी-कभार उपयोग में आती हैं या जो निष्प्रयोज्य हो चुकी हैं, उनका वर्गीकरण किया जाना चाहिए। ऐसा करके हम रिकार्डों की खोज एवं संधारण में अपने समय की बचत कर सकते हैं। कार्यालयीन नस्तियों को सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने हेतु प्रत्येक नस्ती का नामकरण कार्यालय के अनुभाग अनुसार होना चाहिए तथा उसकी सूची भी उपलब्ध होना चाहिए। जिससे बिना समय गवांए कोई भी व्यक्ति उन नस्तियों की खोज कर सके। कार्यालय में कार्य करने वाले सेवकों, कार्यालयीन परिसर तथा कार्यालय की स्वच्छता इस पद्धति का महत्वपूर्ण भाग है। ऐसा करने से कार्य करने वाले लोग स्वस्थ्य रहेंगे तथा लगातार कार्य के प्रति उनमें ऊर्जा का संचार बना रहेगा। कार्य हेतु आने वाले हितग्राहियों में भी कार्यालय के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। कार्यालय द्वारा निष्पादित किए जाने वाले कार्यों के निष्पादन की समय-सीमा तथा उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित होनी चाहिए। उक्त सभी पद्धतियों की निरन्तरता 5-एस पद्धति की रीढ़ है। इसके लिए कार्यालय प्रमुख सहित उनके सहयोगियों को समर्पण की भावना से कार्य करना चाहिए। अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान (एआईजीजीपीए) के 2 सदस्यीय दल क्रमशः सुनील देशपाण्डे एवं शार्दुल तिवारी ने जिला प्रबंधक लोक सेवा गारण्टी श्रीमती सोनू सिंह राजपूत, अधीक्षक कलेक्ट्रेट कार्यालय शर्मा के साथ संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में लगने वाले विभिन्न कार्यालयों, लोक सेवा प्रबंधन कार्यालय, भू-अभिलेख, एनआईसी, कलेक्टर न्यायालय, अपर कलेक्टर न्यायालय, कोषालय, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सर्व शिक्षा अभियान, जनसम्पर्क कार्यालय, उद्यानिकी, कृषि, मत्स्य पालन, आबकारी, योजना मंडल, श्रम, आजीविका, जन अभियान, जिला आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, निर्वाचन सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया।

   

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com