-->

Breaking News

मरीजों व परिजनों की मदद के लिये माधव डिस्पेंसरी में हेल्पडेस्क शुरू


नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने किया शुभारंभ

ग्वालियर :  जयारोग्य चिकित्सालय समूह में इलाज के लिये आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों (अटेण्डर) की सहायता के लिये माधव डिस्पेंसरी में रेडक्रॉस हेल्पडेस्क एवं सहायता केन्द्र शुरू किए गए हैं। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के पुनीत अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने इन सहायता केन्द्रों का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन की पहल पर रेडक्रॉस के सहयोग से माधव डिस्पेंसरी के प्रवेश द्वार पर हेल्पडेस्क व डिस्पेंसरी के भीतर रेडक्रॉस सहायता केन्द्र खोला गया है।

हेल्पडेस्क के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री राहुल जैन, जीआर मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. एस एन अयंगर, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. आर पी शर्मा तथा अन्य चिकित्सकगण व मरीजों के परिजन मौजूद थे।

इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों की मदद करना सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने कहा ग्वालियर चंबल अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जेएएच समूह में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीज बड़ी संख्या में इलाज के लिये आते हैं। उनकी मदद के लिये हेल्पडेस्क खोलकर जिला प्रशासन ने रेडक्रॉस के सहयोग से सराहनीय पहल की है।

रेडक्रॉस सहायता केन्द्र में मरीजों के सहयोग के लिये रेडक्रॉस के कर्मचारी 24 घंटे मौजदू रहेंगे। इसके लिये बारी-बारी से विभिन्न पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सहायता केन्द्र पर पर्चे बनाने में मदद के साथ-साथ कौन सा डॉक्टर किस कक्ष में उपलब्ध होगा, यह जानकारी कर्मचारी मरीजों व उनके परिजनों को देंगे। साथ ही व्हीलचेयर, स्ट्रेचर व जरूरत पर एम्बूलेंस उपलब्ध कराने का काम भी इस केन्द्र के माध्यम से किया जायेगा। एक्सरे, एमआरआई, सीटी स्कैन, खून की जाँच कहाँ होती है, इसकी जानकारी भी यहाँ से मिल सकेगी। आकस्मिक घटनाओं में एम्बूलेंस से आए मरीजों की मदद, पोस्टमार्टम केस में अटेण्डर का मार्गदर्शन, कुत्ते के काटने पर रेबीज के इंजेक्शन लगवाना, प्रसूति संबंधी जानकारी देना, लावारिस व अज्ञात मरीजों को भर्ती कराकर इलाज की सुविधा दिलाना, रक्त उपलब्ध कराने में मदद तथा नि:शुल्क दवाईयाँ दिलाने में मदद की जायेगी। सहायता केन्द्र पर चिकित्सकों के बैठने के कक्ष का नम्बर व टेलीफोन नम्बर की जानकारी उपलब्ध रहेगी।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com