-->

Breaking News

नेपाल की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार के साथ काम करने को आशान्वित भारत :सुषमा



काठमांडो : नेपाल के साथ द्विपक्षीय संबंधों को आपसी हित के लिए नयी ऊंचाई पर ले जाने के लिहाज से वहां लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गयी सरकार के साथ काम करने को लेकर भारत आशान्वित है और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पड़ोसी देश के नेताओं को आर्थिक विकास के प्रयासों में सहयोग का आश्वासन दिया।

दो दिन की यात्रा पर कल यहां पहुंचीं सुषमा ने आज राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी, प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात की और सीपीएन-माओइस्ट सेंटर के अध्यक्ष प्रचंड के साथ भी बातचीत की। सुषमा ने आज अपनी मुलाकातों में नेपाल के साथ भारत के बहुआयामी और ऐतिहासिक संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक उन्होंने नेपाल के सभी राजनेताओं को संदेश दिया कि भारत सरकार परस्पर हित के लिए नेपाल के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाई पर ले जाने के लिए और वहां लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार के साथ काम करने के लिए आशान्वित है।

सुषमा ने प्रचंड से आज सुबह नाश्ते पर हुई मुलाकात के बाद कहा, ‘‘हम राजनीतिक स्थिरता पाने और विकास के लिए नेपाल को पूरी तरह सहयोग देंगे।’’

प्रचंड ने कहा, ‘‘हमने चुनाव संपन्न होने और नयी सरकार के गठन की तैयारी के बाद उभर रहे हालात पर चर्चा की।’’उनकी पार्टी ने हाल ही में नेपाल में हुए चुनावों में सीपीएन-यूएमएल के साथ वाम गठजोड़ बनाया था।

प्रचंड ने कहा, ‘‘मैंने सुषमा स्वराज से कहा कि हम राजनीतिक स्थिरता और विकास चाहते हैं जिसके लिए हमें पड़ोसी देशों से सहयोग की जरूरत है। सुषमा ने विश्वास दिलाया कि भारत राजनीतिक स्थिरता और विकास के लिए नेपाल के प्रयासों में उसे पूरा सहयोग देगा।’’

माओवादी नेता ने कहा कि सुषमा नेपाल में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में जानने को उत्सुक थीं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने बहुत सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत की। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में जीत हासिल करने पर वाम गठबंधन को बधाई भी दी।’’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने नेपाल में सीपीएन (माओइस्ट सेंटर) के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल प्रचंड से मुलाकात की और हाल ही में हुए चुनावों में उनकी पार्टी के अच्छे प्रदर्शन पर  बधाई दी। दोनों नेताओं ने हमारे अनोखे भारत-नेपाल द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के कदमों पर चर्चा की।’’नेपाल के प्रधानमंत्री देउबा से मुलाकात के दौरान सुषमा ने उन्हें हाल ही में चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर बधाई दी।

रवीश कुमार ने कहा, ‘‘बातचीत हमारी सदियों पुरानी ऐतिहासिक साझेदारी को आगे ले जाने के लिए हमारे द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर केंद्रित रही।’’राष्ट्रपति भंडारी से बातचीत में सुषमा ने उन्हें नेपाल में चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर बधाई दी।उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर बातचीत हुई।’’

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com