-->

Breaking News

'84 कोसी' का आज अंतिम पड़ाव, सुरक्षा बढ़ी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की '84 कोसी परिक्रमा' का समापन आज बस्ती जिले के मखौड़ा में हो रहा है। इसके मद्देनजर अयोध्या, फैजाबाद, गोंडा और बस्ती जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या के विवादित ढांचे में स्थित कारसेवक पुरम को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और देशभर से आने वाले संतों के सरयु तट पर किए जाने वाले संभावित आचमन पर रोक लगाने के लिए शहर में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक परिक्रमा पर रोक लगी हुई है, इसलिए किसी भी स्थिति में राम मंदिर और उसके आसपास वीएचपी कार्यकर्ताओं और संतों को आने नहीं दिया जाएगा। देर रात सूबे के पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) राजकुमार विश्वकर्मा ने अयोध्या पहुंचकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। इस दौरान विश्वकर्मा ने कहा कि किसी भी स्थिति में परिक्रमा को आयोजित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। राज्य सरकार पहले ही इस पर रोक लगा चुकी है। सुरक्षा के सारे इंतजाम कर लिए गए हैं।

अयोध्या में त्वरित कार्रवाई बल (आरपीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तीन-तीन टुकड़ियां तैनात की गई हैं। वीएचपी की ओर से शुक्रवार को बस्ती जिले के मखौड़ा में होने वाले समापन में हिस्सा लेने के लिए देशभर के संतों को बुलाया गया है। इसे देखते हुए प्रशासन की नींद उड़ी हुई है और गोंडा, फैजाबाद और बस्ती की सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा का कड़ा पहरा होने की वजह से सरयु तट पर सुबह से ही सन्नाटा पसरा हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के बी सिंह के मुताबिक मखौड़ा की सीमाओं को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। सूचना मिल रही है कि मखौड़ा में कार्यक्रम के समापन के बाद साधू संत आचमन करने के लिए सरयु तट पर आ सकते हैं, लिहाजा घाटों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि गुरुवार को मखौड़ा जाने की कोशिश करते समय पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद सहित कई प्रमुख संतों को लखनऊ हवाई अड्डे पर ही हिरासत में ले लिया गया था। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों से भी सैकड़ों संतों को गिरफ्तार किया गया था।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com