-->

Breaking News

BCCI सदस्यों को पटाने में जुटे एन. श्रीनिवासन

चेन्नई। ललित मोदी से पिंड छुड़ाने और सुप्रीम कोर्ट से चुनाव लड़ने की हरी झंडी मिलने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन ने अपने कार्यकाल को एक साल आगे बढाने के लिए बोर्ड के सदस्यों को पटाना शुरू कर दिया है। हाल में एक के बाद कई तरह की परेशानियों में घिरे श्रीनिवासन का दो साल का कार्यकाल खत्म हो रहा है और एक साल के विस्तार के लिए वह 29 सितंबर को यहां होने वाली बीसीसीआई की वार्षिक आम सभा में फिर से चुनाव लड़ना चाहते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार (सीएबी) की याचिका पर अपने फैसले में बोर्ड को चुनाव कराने और श्रीनिवासन को अध्यक्ष पद के लिए लड़ने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही कहा है कि जब तक संबंधित मामलों का निपटारा नहीं हो जाता है तब तक वह चुने जाने के बावजूद अध्यक्ष पद नहीं संभाल सकेंगे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट की अनुमति से ही श्रीनिवासन को खासी राहत मिली है। इससे पहले बुधवार को हुई विशेष आम बैठक में मोदी को सर्वसम्मति से बोर्ड से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि श्रीनिवासन जानते हैं कि वार्षिक आम बैठक में उन्हें अपने लिए समर्थन जुटाना आसान नहीं होगा।
देश की शिखर अदालत ने बीसीसीआई को 29 सितंबर को अपनी वार्षिक आम बैठक करने और अध्यक्ष पद का चुनाव कराने के लिए अनुमति दे दी है लेकिन इसके साथ ही यह शर्त भी लगा दी है कि चुने जाने की स्थिति में श्रीनिवासन मामले का निपटारा होने तक अध्यक्ष पद नहीं संभाल सकेंगे।
अपने दामाद और अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के शीर्ष अधिकारी गुरुनाथ मेयप्पन के सट्टेबाजी मामले में फंसने के बाद श्रीनिवासन ने चौतरफा दबाव में खुद को कुछ समय के लिए अध्यक्ष पद से अलग कर लिया था और बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया था।
लेकिन श्रीनिवासन ने पिछले कुछ समय में लगातार यह दावा किया कि अपने दामाद के मामले से उनका कोई लेनादेना नहीं है और वह हर हाल के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। दो साल से बीसीसीआई अध्यक्ष चले आ रहे श्रीनिवासन एक साल और चुनाव लड़ने के नियम का फायदा उठाते हुए अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार बने हुए हैं।
सीएबी ने गत जुलाई में एक याचिका दायर की थी और उसने अब उस याचिका पर फैसला आने तक सुप्रीम कोर्ट को श्रीनिवासन को फिर से चुनाव लड़ने से रोकने का अनुरोध किया था।
सीएबी के सचिव आदित्य वर्मा ने श्रीनिवासन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने मेयप्पन के खिलाफ जांच पैनल गठित करने में बोर्ड अध्यक्ष के रूप में अपने पद का गलत इस्तेमाल किया था। इस पैनल ने मेयप्पन को सट्टेबाजी से क्लीन चिट दी थी लेकिन मुंबई पुलिस ने आईपीएल-छह में सट्टेबाजी के मामले में जो हाल में आरोपपत्र दायर किया है उसमें मेयप्पन का नाम शामिल है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com