-->

Breaking News

दिल्ली पहुंचे नरेंद्र मोदी,आडवाणी से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली | वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के विरोध के बावजूद भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना तय कर लिया है। मोदी दिल्ली पहुंच चुके हैं और उनके लाल कृष्ण आडवाणी से मिलने और आशीर्वाद लेने की संभावना है।शुरुआत में संभावना थी कि लालकृष्ण आडवाणी भाजपा संसदीय दल की बैठक में शामिल होंगे लेकिन अंतिम समय में उन्होंने बैठक में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया। इससे पहले दिनभर आडवाणी को मनाने की कोशिशें चलती रहीं। खबरों के अनुसार, आरएसएस ने भाजपा अध्यक्ष से साफ कर दिया है कि मोदी की उम्मीदवारी की घोषणा शुक्रवार को कर दी जानी चाहिए। सूत्रों ने बताया था कि इसी कोशिश के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू और अनंत कुमार आडवाणी से मिले और उनसे मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का अपना विरोध समाप्त करने का आग्रह किया। 

भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाने से पहले पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। सिंह ने सुषमा स्वराज से भी मुलाकात की जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वह इस मुद्दे पर आडवाणी के साथ हैं। सिंह ने आडवाणी से मिलने के बाद उनसे आधा घंटा चर्चा की थी। मोदी के नाम पर आम राय बनाने के प्रयास में वह मुरली मनोहर जोशी से भी मिले। कहा जा रहा है कि जोशी ने कहा है कि अपनी आपत्तियों के बावजूद वह बहुमत निर्णय को स्वीकार करेंगे। मोदी के नाम की घोषणा करने में सबसे बड़ी बाधा बने हुए आडवाणी ने, समझा जाता है कि पार्टी नेताओं से कहा है कि मोदी को प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार घोषित करने से संप्रग के खिलाफ लड़ाई में भाजपा के हितों को नुकसान पंहुच सकता है। उनका कहना है ऐसा करने से संप्रग सरकार के विरुद्ध भ्रष्टाचार और मंहगाई का मुद्दा बनने की बजाय मोदी मुद्दा बन कर रह जाएंगे, जो पार्टी के लिए घातक साबित होगा। आडवाणी ने अभी तक मोदी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है, लेकिन उनके अत्यंत करीबी सुधींद्र कुलकर्णी ने टि्वटर पर मोदी का नाम लिये बिना लिखा, सामाजिक ध्रुवीकरण वाले नेता ने अपनी ही पार्टी का ध्रुवीकरण कर दिया। 

क्या वह केन्द्र में स्थिर और प्रभावशाली सरकार चला सकते हैं जरा गंभीरता से सोचिये। कुलकर्णी ने एक समाचार चैनल से कहा कि चुनाव को सात माह बाकी हैं। जनता परिवर्तन चाहती है, लेकिन परिवर्तन कौन लाएगा वे नेता जो समाज का ध्रुवीकरण कर रहे हैं। कुलकर्णी की इन टिप्पणियों को आडवाणी के विचारों की प्रतिध्वनि के रूप में माना जा रहा है। लगता है कि भाजपा नेतृत्व ने मोदी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का स्पष्ट रूप से मन बना लिया है। पार्टी अध्यक्ष ने मोदी के नाम पर वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की आपत्तियों को खास महत्व नहीं देते हुए कहा कोई नाराज नहीं है। मोदी के नाम का औपचारिक ऐलान करने की प्रक्रिया पिछले सप्ताह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा हरी झंडी दिये जाने के बाद तेज हो गयी। इस बीच बिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने आडवाणी को निशाना बनाते हुए कहा कि आडवाणी जनता का मूड भांपने में असफल रहे हैं। आडवाणी ने स्वयं प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में अटलजी के नाम की घोषणा की थी। अब वह वैसा ही नमो के लिए कर सकते हैं।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com