जोधपुरः आसाराम को मंडोर पुलिस लाइन ले जाया गया
नई दिल्ली | नाबालिग लड़की से यौन शोषण के मामले में लम्बी लुका-छिपी और हाई वोल्टेज
ड्रामे के बाद गिरफ्तार किए गए धर्मगुरु आसाराम बापू को लेकर पुलिस रविवार
दोपहर करीब बारह बजे जोधपुर पहुंची। इसके बाद उन्हें मंडोर पुलिस लाइन ले
जाया गया है।इससे पहले आसाराम को इंदौर से गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली लाया गया
था। मामले में विस्तृत पूछताछ के लिये इस प्रवचनकर्ता को विमान से दिल्ली
से जोधपुर लाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आसाराम को खंडवा रोड स्थित
उनके आश्रम से गिरफ्तार करने के बाद सीधे देवी अहिल्याबाई हवाईअड्डे ले
जाया गया। उन्हें हवाईअड्डे के वीआईपी लाउंज में रखा गया, जहां उन्होंने
सोफे पर सोकर रात बितायी।
सूत्रों के मुताबिक जोधपुर पुलिस का दल आसाराम को आज सुबह 7:50 बजे एयर
इंडिया की उड़ान संख्या एआई 635 से दिल्ली ले गया, जहां से उन्हें जोधपुर
लाया गया।
जोधपुर में उनसे विस्तृत पूछताछ की जायेगी।
सूत्रों ने बताया कि आसाराम की गिरफ्तारी के बाद उनके स्थानीय आश्रम और
हवाईअड्डे पर सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त करते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल
तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि मध्य रात्रि में आसाराम की गिरफ्तारी
के वक्त प्रवचनकर्ता के आश्रम में उनके करीब 1,500 अनुयायी मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक इन अनुयायियों ने आसाराम को रात के वक्त गिरफ्तार किये
जाने का विरोध करते हुए जोधपुर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन
जोधपुर पुलिस ने लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार सख्त रवैया अख्तियार करते हुए
आसाराम को आधी रात को स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया और कड़ी
सुरक्षा व्यवस्था में उन्हें एक सफेद जीप में बैठाकर सीधे हवाईअड्डे ले
गयी।
आसाराम के बेटे नारायण साईं ने कल शाम मीडिया से बातचीत में दावा किया था
कि उनके पिता ट्राइजेमिनल न्यूरेलजिया नामक तंत्रिका संबंधी बीमारी से
पीड़ित हैं और फिलहाल जोधपुर जाने की स्थिति में नहीं हैं। नारायण ने
आसाराम को बेकसूर बताते हुए कहा था कि उनके पिता कहीं भाग नहीं रहे हैं और
स्वास्थ्य लाभ के बाद खुद जोधपुर पुलिस के सामने पेश हो जायेंगे।
बहरहाल, सूत्र बताते हैं कि इंदौर जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों की टीम ने
कल रात आसाराम की मेडिकल जांच के बाद उन्हें पूछताछ और सफर के लिये फिट
पाया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार करके जोधपुर ले जाये जाने का रास्ता साफ हो
गया। सूत्रों ने बताया कि आसाराम की गिरफ्तारी पर नाराजगी का इजहार करते
हुए उनके अनुयायियों ने इंदौर स्थित आश्रम में जोधपुर पुलिस के खिलाफ देर
तक नारेबाजी की।
आसाराम के छिंदवाड़ा स्थित आश्रम में रहने वाली 16 वर्षीय लड़की ने इस
प्रवचनकर्ता के खिलाफ कथित यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है। लड़की को कथित
तौर पर जोधपुर में यौन शोषण का शिकार बनाया गया था। इस घटना को लेकर शुरुआत
में दिल्ली के एक पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। बाद में इस
मामले को जांच के लिये जोधपुर पुलिस को भेज दिया गया था।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com