-->

Breaking News

जोधपुर में पुलिस कर रही है आसाराम से पूछताछ

जयपुर:  जोधपुर पुलिस, लम्बी जद्दोजहद के बाद नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न के आरोपी 72 वर्षीय आसाराम को कल देर रात इंदौर स्थित उनके आश्रम से गिरफ्तार कर हवाई मार्ग से दिल्ली होते हुए आज जोधपुर लेकर पंहुच गई है जहां एहतियातन सुरक्षा के जबरदस्त प्रबंध किए गए है.पुलिस सूत्रों ने बताया कि हवाई अडडे पर कुछ देर रूकने के बाद पुलिस कडे सुरक्षा प्रबंध के बीच यौन उत्पीडन के आरोपी आसाराम को पूछताछ के लिए जोधपुर -जयपुर राष्ट्रीय राज मार्ग पर स्थित ग्रामीण पुलिस लाइन लेकर पहुंची है, जहां आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

जोधपुर के पुलिस उपायुक्त अजयपाल लाम्बा ने जोधपुर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा है कि ठोस आरोपों के आधार पर आसाराम को गिरफ्तार किया गया है. उन्होने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.पुलिस गिरफ्त में आरोपी आसाराम ने जोधपुर हवाई अडडे पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा है कि मुझे सताया जा रहा है ,जब उनसे पुछा गया कि कौन सता रहा है, उन्होंने जवाब दिया देश समझ रहा है विश्व समझ रहा है.

जोधपुर पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसफ ने आज भाषा से बातचीत करते हुए कहा कि यौन उत्पीडन के आरोपी आसाराम से पुलिस पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि आसाराम समर्थकों की ओर से कल जोधपुर में मीडियाकर्मियों पर किए हमले के आरोप में अब तक तेरह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
इधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार आसाराम की गिरफ्तारी पर अनुयायियों के विरोध को देखते हुए प्रदेश में विशेषकर जहां आसाराम के आश्रम है तथा अनुयायियों की संख्या अधिक है सुरक्षा के कडे प्रबंध किए गए है. जोधपुर में आरएसी की तीन कम्पनियां तैनात की गई है.

सूत्रों के अनुसार जोधपुर आने वाले सभी मार्गो पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर आसाराम के अनुयायियों को जोधपुर प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है जोधपुर रेलवे स्टेशन पर भी राजकीय रेलवे पुलिस आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी हुई है.गौरतलब है कि जोधपुर पुलिस कल आधी रात के बाद मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से आसाराम के इन्दौर स्थित आश्रम से आसाराम को गिरफ्तार कर विमान से दिल्ली होते हुए आज मध्याहन बाद जोधपुर पहुंची है.

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में आज संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा है कि पुलिस यौन उत्पीडन के गिरफ्तार आरोपी आसाराम के मामले में निष्पक्ष जांच करेगी.उन्होने कहा कि पुलिस आसाराम को इन्दौर से गिरफ्तार करके जोधपुर ले आयी है, पूछताछ की जाएगी फिर मौके की तस्दीक:जहां यौन उत्पीडन करने का आरोप है: करवाने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मैने पहले ही कहा है कि कानून अपना काम करेगा.गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने पूर्व तय दौरे पर केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा के साथ जोधपुर आए हुए है.

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com