पीएम ने सुषमा और आडवाणी को किया निमंत्रित
नई दिल्ली | कोयला ब्लाक आवंटन से संबंधित कथित गायब फाइलों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री
द्वारा संसद में सोमवार को बयान दिए जाने के बाद विपक्ष और सत्ता पक्ष के
बीच बने गतिरोध को तोड़ने के प्रयास में मनमोहन सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ
नेताओं सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और लालकृष्ण आडवाणी को अपने निवास पर
आमंत्रित किया है।
उधर, सूत्रों ने बताया कि संसद के दोनों सदनों में दिए गए बयान पर
प्रधानमंत्री द्वारा स्पष्टीकरण देने से इंकार करने से नाराज भाजपा नेता
कोयला घोटाले में सरकार के विरुद्ध अपने दबाव को बढ़ाने की रणनीति से पीछे
हटने को तैयार नहीं हैं। सरकार की कोशिश है कि इस मुलाकात के जरिए भाजपा
नेताओं की नाराजगी को दूर करके इस सप्ताह शुक्रवार को संपन्न होने जा रहे
संसद के मानसून सत्र में कुछ और महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराया जा
सके।
कथित गायब फाइलों के बारे में प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण की विपक्ष की
मांग पर सिंह ने आज संसद में कहा कि यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि
कोयला आवंटन के बारे में चल रही जांच से संबंधित फाइलें या कागजात गायब हो
गए हैं, फिर भी मांगे जा रहे दस्तावेज वास्तव में गायब पाये जाते हैं तो
सरकार गहरायी से जांच करके दोषियों को सजा सुनिश्चित करेगी।
सिंह ने सदन को विश्वास दिलाया कि सरकार पूरा प्रयास करेगी कि मांगे गये
कागजात उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर खोजकर सीबीआई को
दे दिये जाएं। यदि सरकार इन कागजात में कुछ को निर्धारित समयसीमा के भीतर
नहीं ढूंढ़ पाती है, तो जैसा न्यायालय का निर्देश है, सीबीआई को रिपोर्ट
भेज दी जाएगी ताकि वह उचित जांच करा सके।
विपक्ष हालांकि उनके इस बयान से संतुष्ट नहीं हुआ और वह उनसे कुछ और
स्पष्टीकरण चाहता था। लेकिन प्रधानमंत्री ने और कुछ कहने से इंकार कर दिया
जिसके कारण विपक्ष ने दोनों सदनों की कार्यवाही ठप कर दी।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com