-->

Breaking News

सीरिया पर हमले की खबर से हड़कंप, इजरायल ने किया था मिसाइल टेस्ट

यरुशलम। सीरिया पर हमले की खबर से मंगलवार को हड़कंप मच गया। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआइए की रिपोर्ट में कहा गया कि रूसी रडार पर मध्य भूमध्यसागर से छोड़ी गई दो बैलिस्टिक मिसाइल जैसी चीजों को समुद्र के पूर्वी भाग की ओर जाते हुए देखा गया। हालांकि उसकी ओर से यह भी कहा गया कि दमिश्क पर मिसाइल हमले का कोई संकेत नहीं मिला है। बाद में इजरायल ने साफ किया कि उसने अमेरिका के साथ मिलकर भूमध्यसागर में एक मिसाइल का परीक्षण किया है।इजरायल द्वारा इसकी पूर्व घोषणा नहीं किए जाने के कारण इसे लेकर हड़कंप मचा क्योंकि अमेरिका सीरिया पर हमले पर विचार कर रहा है।


उधर अमेरिकी नौसेना के यूरोपीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने भी कहा कि अमेरिकी नौसेना ने भूमध्यसागर में मौजूद जहाजों से कोई मिसाइल नहीं दागी है। सीरिया की राजधानी दमिश्क के उपनगरीय क्षेत्र में गत 21 अगस्त को हुए रासायनिक हमले को लेकर अमेरिका सीरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है। इस बीच सीरिया पर हमले को लेकर संसद की स्वीकृति प्राप्त करने की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को थोड़ी सफलता मिली है। सीनेटर जॉन मैक्केन और लिंडसे ग्राहम ने ओबामा के साथ बातचीत के बाद कहा कि वे सीरिया पर हमले को लेकर राष्ट्रपति को अधिकृत करने वाले प्रस्ताव के पास होने के पक्ष में हैं। उल्लेखनीय है कि मैक्केन ने वर्ष 2008 में ओबामा के विरुद्ध राष्ट्रपति चुनाव लड़ा था।
वहीं सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद ने कहा है उनकी सरकार के रासायनिक हमले में शामिल होने को लेकर पश्चिमी देशों के पास कोई सुबूत नहीं है। उन्होंने पश्चिमी देशों द्वारा सीरिया पर हमला करने के गंभीर परिणाम होने की चेतावनी देते हुए कहा है कि इससे क्षेत्रीय युद्ध प्रारंभ हो सकता है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com