-->

Breaking News

लोकसभा में विपक्ष और अध्यक्ष के बीच तकरार

नई दिल्ली : लोकसभा में आज व्यवस्था नहीं बनने के बावजूद शोर शराबे के बीच पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण विधेयक पर चर्चा कराने के कारण भाजपा सदस्यों और अध्यक्ष मीरा कुमार के बीच कुछ तकरार हो गई।

भाजपा सदस्यों ने भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच इतने महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा कराए जाने पर आपत्ति जताई। आसन के समक्ष आकर नारेबाजी कर रहे भाजपा सदस्यों में शामिल गणेश सिंह ने कहा कि यह सदन चलाने का कोई तरीका नहीं है। इस तरह से सदन को मत चलाइए। उनकी इस टिप्पणी पर अध्यक्ष ने कहा, ‘आसन का अपमान मत कीजिए। इस तरह मत बोलिए। हम सदन चलाना चाहते हैं। आप सहयोग देंगे, अच्छा रहेगा। आप आसन से बहस मत कीजिए।’

सदस्यों की नारेबाजी जारी रहने पर अध्यक्ष ने फिर कहा, ‘आपको जो भी करना है करिए। आप आसन से गुस्सा होना चाहते हैं तो हो लें। आप जो करना चाहते हैं कर लें। मैं यहीं बैठी हूं।’ इस पर वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने भी आक्रोशित लहजे में कहा कि यह सदन चलाने का कोई तरीका नहीं है।

हंगामा बढ़ते देख अध्यक्ष ने कार्यवाही भोजनावकाश से करीब 15 मिनट पहले दो बजे तक स्थगित कर दी। शून्यकाल के बाद सदन में जैसे ही वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम ने विधेयक को चर्चा और पारित कराने के लिए पेश किया, भाजपा सदस्य कोयला मामले की कुछ लापता फाइलों का मुद्दा उठाते हुए आसन के समक्ष आकर नारेबाजी करने लगे। वाम सदस्य भी पेट्रोल की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के समक्ष आ गए और हंगामा तथा शोरशराबा बढ़ गया।

अध्यक्ष ने इसी हंगामे और नारेबाजी के बीच भाजपा के निशिकांत दुबे को विधेयक पर चर्चा शुरू करने को कहा लेकिन उन्होंने पहले सदन में व्यवस्था बनाए जाने की मांग की। उनके अपनी बात नहीं रखने पर अध्यक्ष ने कांग्रेस के संजय निरूपम को चर्चा शुरू करने को कहा। संजय निरूपम के बाद तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय जब अपनी बात रखने लगे तो आश्चर्यजनक रूप से भाकपा के गुरूदास दासगुप्ता ने नारेबाजी कर रहे वाम दलों के सदस्यों को अपने स्थानों पर जाने का इशारा किया।

सौगत राय के अपनी बात रखे जाने के दौरान ही माकपा के बासुदेव आचार्य, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ और भाजपा नेता अनंत कुमार सपा प्रमुख की सीट पर आपस में विचार विमर्श करते देखे गए। बाद में विधि मंत्री कपिल सिब्बल भी उनके साथ जा खड़े हुए।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com