-->

Breaking News

शाही अंदाज में हुई SP कार्यकारिणी की बैठक

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (एसपी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की गुरुवार को खत्म हुई दो दिवसीय बैठक पूरे शाही अंदाज में हुई। होटल मुगल में हुई यह बैठक जहां आजम खान की गैरमौजूदगी के चलते ज्यादा चर्चा में रही, वहीं समाजवादी सिद्धांतों के रहनुमा होने का दावा करने वालों की शाहखर्ची भी चर्चा में रही। एसपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कितना खर्च हुआ, इसका जवाब हालांकि कोई नहीं दे रहा है, लेकिन जानकार सूत्र इस पर कम से कम एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगा रहे हैं।

इसे विडंबना ही कहा जाएगा कि जिस देश का आमजन दो जून की रोटी कमाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देता है, बावजूद इसके वह कभी रोटी जुटा पाता है तो कभी नहीं। ऐसे में लोहिया के अनुयायी तमाम सुख-सुविधाओं से लैस कमरों में दो दिनों तक ठहरे और वहां की समस्त सुख-सुविधाओं का भरपूर आनंद उठाया। बैठक के लिए आगरा के तमाम लग्जरी होटलों में कमरे बुक थे। सबसे महंगे होटल ओबेरॉय अमर विलास में एक खास मंत्री के लिए कमरा बुक कराया गया था। इस होटल का कम से कम किराया पचास हजार रुपये है। इस मंत्री के लिए ताजमहल के व्यू प्वाइंट का कमरा बुक कराया गया था, जिसका किराया काफी ज्यादा है।

जानकारी के अनुसार, आयोजन स्थल पांच सितारा होटल मुगल में करीब 50 कमरे बुक करवाए गए थे। कार्यक्रम के लिए होटल आईटीसी मुगल के एक बड़े हिस्से को रिजर्व कर लिया गया था। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लिए बेहद महंगे कमरे में व्यवस्था हुई थी। मुलायम सिंह यादव का कमरा भी किसी से कम नहीं था। पांच सितारा होटल जेपी पैलेस के 20 कमरों में भी सपा के नेता ठहरे थे। जबकि होटल क्लार्क शिराज, होटल अवध, होटल हार्वड प्लाजा, होटल ताज व्यू में 15 से 20 कमरे बुक थे। होटल में कार्यकारिणी सदस्यों के लिए जिम, स्पा, स्विमिंग पूल को रिजर्व रखा गया था। हालांकि इसका मजा केवल 10 सदस्यों ने ही उठाया।

नेताओं के लिए लग्जरी कारें किराये पर ली गई थीं, तो कुछ अपनी महंगी गाड़ियों से पहुंचे थे। दो दिन चली कार्यसमिति की बैठक के बाद सदस्यों को गिफ्ट भी दिए गए। हर नेता लाल रंग के पैकेट में बंद डब्बे को हाथ में लेकर अपनी कारों की तरफ बढ़ रहा था। जानकार बताते हैं कि इन डब्बों में मार्बल से बनी चीजें थीं। खास बात यह है कि इस संबंध में पूछे गए सवाल पर महाराष्ट्र एसपी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा कि हमारे पास रुपये हैं, हम चाहे जितना खर्च करें। किसी को इससे क्या फर्क पड़ता है। वहीं सांसद नरेश अग्रवाल ने तो सवालों का मजाक उड़ाते हुए यहां तक कह दिया कि आप कहें तो राजस्थान के वीरान रेत पर बैठक कर लेंगे। वहां पानी भी नहीं मिलेगा।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com