रायपुर संभाग में 9.63 लाख हेक्टेयर रकबे में होगी रबी की बोनी
रायपुर | राज्य
सरकार के कृषि उत्पादन आयुक्त श्री अजय सिंह ने आज यहां नवीन विश्रामगृह
में रायपुर संभाग के लिए आगामी रबी मौसम 2013-14 की तैयारी और चालू खरीफ
मौसम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि संभाग में हुई
अच्छी वर्षा और राज्य शासन द्वारा किसानों को पर्याप्त मात्रा में बीज एवं
खाद की आपूर्ति से इस साल खरीफ फसलों की अच्छी पैदावार यहां होगी। कृषि
उत्पादन आयुक्त ने आगामी रबी फसलों के लिए भी खाद एवं बीज सहित विभिन्न
कृषि आदानों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश कृषि और संबंधित विभागों
के अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे कृषि विकास की सभी
योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाए। श्री सिंह ने मैदानी स्तर पर
किसानों की समस्याओं को जानने और उनके निदान के लिए अधिकारियों को किसानों
से सतत और सीधा संपर्क रखने कहा।
कृषि विभाग
के संचालक श्री प्रताप कृदत्त ने बैठक में बताया कि आगामी रबी मौसम में
रायपुर संभाग में नौ लाख 63 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न रबी फसलों
की बुआई प्रस्तावित है। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 46 हजार हेक्टेयर
ज्यादा है। रबी मौसम के दौरान करीब साढ़े 80 हजार हेक्टेयर में गेहूं, एक
लाख 33 हजार हेक्टेयर में ग्रीष्मकालीन धान, पांच लाख 84 हजार हेक्टेयर में
दलहन और 55 हजार 340 हेक्टेयर में तिलहन की बुआई का लक्ष्य रखा गया है।
श्री कृदत्त ने बताया कि इस वर्ष रबी मौसम में एक लाख 35 क्विंटल से अधिक
प्रमाणित बीज और साढ़े पांच लाख मीटरिक टन खाद वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
इनमें से दो लाख 30 हजार मीटरिक टन खाद सहकारी समितियों के माध्यम से और
तीन लाख 20 हजार मीटरिक टन निजी क्षेत्र के माध्यम से वितरित किए जाएंगे।
चालू खरीफ
मौसम की प्रगति की जानकारी देते हुए संचालक कृषि श्री प्रताप कृदत्त ने कहा
कि रायपुर संभाग में इस वर्ष लगभग 20 लाख हेक्टेयर रकबे में खरीफ की
विभिन्न फसलों की बोनी अनुमानित है। इनमें 16 लाख 24 हजार हेक्टेयर में
धान, 37 हजार 200 हेक्टेयर में मक्का, एक लाख हेक्टेयर में दलहन एवं एक लाख
71 हजार हेक्टेयर से अधिक में तिलहन की बोनी का अनुमान है। संचालक
उद्यानिकी श्री भुवनेश यादव ने समीक्षा बैठक में जानकारी दी कि वित्तीय
वर्ष 2013-14 में उद्यानिकी फसलों के उत्पादन में 13 फीसदी से अधिक की
बढ़ोतरी का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में उद्यानिकी
फसलों का उत्पादन 30 लाख 68 हजार मीटरिक टन प्रस्तावित है। इस वर्ष फलों के
उत्पादन के लिए साढ़े छः लाख मीटरिक टन, सब्जियों के लिए 21 लाख 82 हजार
मीटरिक टन, मसाला उत्पादन के लिए दो लाख 19 हजार मीटरिक टन, फूलों की खेती
के लिए साढ़े 12 हजार मीटरिक टन और औषधि एवं सुगंधित पौधों के लिए पांच
हजार 670 मीटरिक टन का लक्ष्य रखा गया है।
मार्कफेड,
बीज निगम और अपेक्स बैंक ने भी कृषि उत्पादन आयुक्त को आगामी रबी फसलों के
लिए अपनी तैयारियों के बारे में बताया। पशुधन विकास विभाग, छत्तीसगढ़ दुग्ध
महासंघ और मछलीपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा भी
कृषि उत्पादन आयुक्त ने की। बैठक में रायपुर संभाग के आयुक्त डॉ. बी.एल.
तिवारी, मार्कफेड के प्रबंध संचालक श्री सुरेन्द्र जायसवाल, संचालक पशुधन
विकास डॉ. एस.के. पांडे, संचालक मछलीपालन श्री वी.के. शुक्ला, बीज निगम और
मण्डी बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री ए.एन.मिश्रा सहित रायपुर संभाग के सभी
जिलों के कलेक्टर, विद्युत वितरण कंपनी, जल संसाधन विभाग सहित खेती-किसानी
के कामकाज से जुड़े संभागीय और जिलास्तर के अधिकारी मौजूद थे।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com