-->

Breaking News

मोदी ने नौ पेज में दिया 'खूनी पंजा' पर जवाब

नई दिल्ली। कांग्रेस के लिए 'खूनी पंजे' के अपने बयान को भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने सही ठहराया है। केंद्रीय चुनाव आयोग के नोटिस के जवाब में मोदी ने कांग्रेस पर महंगाई, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसका खामियाजा अंत में आम आदमी को ही भुगतना पड़ रहा है। मोदी के अनुसार 'खूनी पंजे' का उनका बयान किसी भी रूप में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है। उन्होंने कहा कि 'खूनी पंजा' का इस्तेमाल अलंकार के तौर पर किया गया है।

अपने नौ पेज के जवाब में मोदी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और काम की आलोचना कर सिर्फ अभिव्यक्ति के अधिकार का इस्तेमाल किया है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि खुद उन पर भद्दी टिप्पणियां की गई हैं। बावजूद इसके उन्होंने राजनीतिक मर्यादा का पालन करते हुए किसी भी विरोधी नेता पर अभद्र टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, मोदी ने अपना जवाब आयोग को भेज दिया है। फिर भी भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत और दो अन्य चुनाव आयुक्तों से मुलाकात कर अपने पीएम उम्मीदवार का अधिकारिक जवाब सौंपेगा।

यह प्रतिनिधिमंडल मोदी व भाजपा पर लगातार बेबुनियादी आरोप लगाकर आचार संहिता का उल्लंघन करने को लेकर राहुल गांधी सहित कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ आयोग से शिकायत भी करेगा। गौरतलब है कि कांग्रेस ने मोदी के बयान को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की थी।मोदी के अनुसार पंजा कोई धार्मिक प्रतीक नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक दल का चुनाव चिह्न है।

पिछले चुनाव में 'कांग्रेस का हाथ, आम आदमी के साथ' के नारे के साथ चुनाव भी लड़ा गया था। पिछले पांच साल में इसी पार्टी ने गलत नीतियों और भ्रष्टाचार व मंहगाई के कारण आम जनता को मुश्किल में डाल दिया है। इसलिए इसे 'खूनी पंजा' कहना कहीं से गलत नहीं होगा। मोदी कह चुके हैं कि उन्होंने जो भी कहा है, वह अप्रमाणिक नहीं है और सब कुछ सार्वजनिक पटल पर मौजूद है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com