-->

Breaking News

BJP अध्यक्ष पद की दौड़ में अमित शाह सबसे आगे

दिल्ली : नरेन्द्र मोदी के नजदीकी एवं भाजपा महासचिव अमित शाह पार्टी अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे दिख रहे हैं । अगले कुछ दिन में नये अध्यक्ष का फैसला हो जाएगा । पार्टी के एक अन्य महासचिव जे पी नड्डा भी अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं । फिलहाल पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह हैं, जो देश के गृह मंत्री भी हैं । सूत्रों ने बताया कि नये पार्टी प्रमुख की घोषणा करने के बारे में फैसला अगले सप्ताह होने की उम्मीद है । फैसला सात जुलाई से शुरू हो रहे संसद सत्र से पहले होगा ।

एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि नये पार्टी प्रमुख के बारे में फैसला अगले चार से छह दिन में हो सकता है । इस बात को लेकर काफी अटकलें हैं कि राजनाथ की जगह कौन लेगा । लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के जबर्दस्त प्रदर्शन का श्रेय शाह को मिल रहा है और मोदी की पसंद शाह ही हैं । उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से 71 पर भाजपा विजयी रही जबकि दो अन्य पर उसके सहयोगी अपना दल ने जीत दर्ज की । सांगठनिक कौशल के दम पर शाह पार्टी अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं । भाजपा चाहती है कि महाराष्ट्र और हरियाणा में इस साल के अंत में और झारखंड एवं जम्मू कश्मीर में अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में उसकी विजय का सिलसिला बना रहे ।

पार्टी उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहती है । भाजपा की नजर उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाने पर है । सूत्रों ने बताया कि सुखिर्यों से दूर रहने वाले नड्डा पार्टी की पसंद लग रहे हैं क्योंकि पार्टी कार्यकर्ताओं की उन तक आसानी से पहुंच है । पार्टी उनके जैसा सर्वमान्य व्यक्ति अध्यक्ष पद पर चाहती है ताकि सुनिश्चित हो सके कि वह जमीनी स्तर पर अपना संपर्क न खोने पाये । सूत्रों के मुताबिक मोदी शाह को लोकसभा चुनाव में उनके द्वारा किये गये कार्य के लिए पुरस्कृत करना चाहते हैं लेकिन फर्जी मुठभेड मामला उनकी राह का रोड़ा बन सकता है । उनके गुजरात का होने के कारण भी बाधा आ सकती है क्योंकि पार्टी का एक वर्ग नहीं चाहेगा कि प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष दोनों एक ही राज्य से हों ।

अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संभवत: अंतिम फैसला करेगा । राजनाथ सिंह ने अरूण जेटली और नितिन गडकरी सहित वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कल हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बारे में अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा की थी । राजनाथ पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि ‘एक व्यक्ति एक पद’ के पार्टी के सिद्धांत के अनुरूप वह जल्द ही पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ देंगे । उम्मीद है कि पार्टी में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिलेंगे क्योंकि अधिकांश बड़े नेता सरकार में शामिल हो चुके हैं । भाजपा का शीर्ष नेतृत्व और उसकी शीर्ष संस्था संघ सरकार गठन के बाद पार्टी को गतिशील और मजबूत रखना चाहते हैं ।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com