-->

Breaking News

सीबीआई करेगी जिया खान मौत की जांच

मुंबई : बॉलिवुड ऐक्ट्रेस जिया खान की मौत के एक साल बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया। जिया का शव मुंबई के जुहू स्थित उनके घर में मिला था। पुलिस का कहना है कि उन्होंने खुदकुशी की है, लेकिन उनकी मां राबिया खान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि जिया का मर्डर हुआ है।

जस्टिस वीएम कनाडे और पीडी कोडे की डिविजन बेंच ने आदेश दिया कि जिया खान की मौत की जांच का केस मुंबई पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) से लेकर सीबीआई को ट्रांसफर किया जाए। बेंच ने कहा कि जिया ने खुदकुशी की है या उसकी हत्या की गई है, इसकी आगे की जांच के लिए यह केस सीबीआई को सौंपा जाता है।

पुलिस की जांच पर कोई राय नहीं
जजों ने कहा कि हम मुंबई पुलिस की ओर से की गई जांच की मेरिट पर कोई राय नहीं जाहिर कर रहे हैं। राज्य सरकार और सिटी पुलिस को यह निर्देश दिया जाता है कि वे इस मामले की जांच के लिए सीबीआई का हर जरूरी सहयोग करें।

क्यों ट्रांसफर की जांच
इस केस की जांच का जिम्मा एसआईटी से लेकर सीबीआई को सौंपे जाने की वजह बताते हुए बेंच ने कहा कि जिया की मां राबिया खान की ओर से निजी तौर पर हासिल की गई फरेंसिक ओपिनियन और मुंबई पुलिस की रिपोर्ट में काफी फर्क है। इससे लगता है कि जांच में कुछ कमी रह गई है। इसके अलावा अदालत के निर्देश पर मुंबई पुलिस ने जो एसआईटी गठित की उनमें ऐसे कई अफसर शामिल हैं जो पुलिस की उस पुरानी टीम में भी थे, जिन्होंने जांच के बाद इसे खुदकुशी का मामला करार दिया था।

सीबीआई ने पहले किया था इनकार
इससे पहले, सीबीआई ने यह कहते हुए यह मामला लेने से इनकार किया था कि उसपर पहले से ही ढेर सारे मामलों का बोझ है और उसके पास अधिकारियों की कमी है।

कोर्ट ने जताई थी नाराजगी
कोर्ट ने सीबीआई को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई से इस तरह के बहाने की अपेक्षा नहीं है कि वह कहे कि उसके पास जांच के लिए पर्याप्त अधिकारी नहीं हैं। कोर्ट ने कहा कि सुनवाई के दौरान अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के 2 अधिकारी मौजूद रहे क्योंकि मृतक अमेरिकी नागरिक थी। अदालत ने कहा कि यह दिखाता है कि वह देश अपने नागरिकों की कितनी चिंता करता है। हमारी अपनी एजेंसी को देखें जो जांच से इनकार कर रही है। उन्हें (सीबीआई को) अपने अनुभव से सीखना चाहिए।

क्या था मामला
25 साल की ब्रिटिश अमेरिकी एक्ट्रेस जिया का शव बीते साल 3 जून को मुंबई के जुहू स्थित अपने घर के पंखे से लटका मिला था। जिया का रिश्ता आदित्य पंचोली और जरीना वहाब के बेटे सूरज पंचोली से था और वह तनाव में थी। यह संदेह किया जा रहा है कि इस तनाव ने उन्हें खुदकुशी के लिए मजबूर किया।
सूरज पहले से ही आरोपी : पुलिस पहले ही जिया को खुदकुशी के लिए उकसाने के सिलसिले में सूरज को आरोपित कर चुकी है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com