-->

Breaking News

सुनंदा केस: थरूर बोले, जांच में सामने आए पूरा सच

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। एम्स के डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलने के लिए दवाब डाले जाने का खुलासा किया है। एम्स के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख सुधीर गुप्ता ने तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद पर गलत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। अखबार में छपी खबर के मुताबिक डॉक्टर सुधीर गुप्ता ने स्वास्थ्य मंत्री और सीवीसी को चिट्ठी लिखकर इसकी शिकायत की है।

हालांकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि डॉ गुप्ता की चिट्ठी से जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं इस सिलसिले में सवाल पूछे जाने पर शशि थरूर बिना कोई जवाब दिए ही चले गए। बता दें कि इस साल 17 जनवरी को सुनंदा पुष्कर को दिल्ली के लीला होटल में संदिग्ध हालात में मृत पाया गया था।

एम्स ने खारिज किए आरोप

एम्स प्रशासन ने सुनंदा पुष्कर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलने का दबाव डालने के डॉक्टर सुधीर गुप्ता के दावे को खारिज कर दिया है। एम्स के प्रवक्ता डॉक्टर अमित गुप्ता के मुताबिक एम्स प्रशासन सुनंदा पुष्कर मामले में किसी भी दबाव से इनकार करता है। उन्होंने ये भी कहा कि डॉक्टर सुधीर पर एम्स प्रशासन की तरफ से भी दबाव नहीं डाला गया था। एम्स के मुताबिक डॉक्टर सुधीर फिलहाल छुट्टी पर चल रहे हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। एम्स प्रशासन का कहना है कि सुधीर ने किसी दूसरे डॉक्टर के प्रमोशन को लेकर कैट में शिकायत की है और इसपर फैसला आना बाकी है। इस मामले में अगर जरूरत पड़ी तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।

स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी रिपोर्ट

सुनंदा पुष्कर की पोस्टमार्ट रिपोर्ट पर विवाद के तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने एम्स से रिपोर्ट तलब की। आईबीएन7 के सहयोगी चैनल सीएनएस आईबीएन से खास बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टर सुधीर गुप्ता ने अपने प्रमोशन को लेकर उन्हें चिट्ठी लिखी थी लेकिन उन्हें ऐसा याद नहीं कि सुधीर ने सुनंदा पुष्कर के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बदलाव के लिए दबाव डाले जाने की उनसे बात कही थी। उनके मुताबिक एम्स के निदेशक से इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद ही वो ज्यादा कुछ कह पाएंगे। हालांकि डॉक्टर हर्षवर्धन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट गोपनीय होती है और विभागीय मसले महकमे के अंदर सुलझाने चाहिए उन्हें मीडिया में नहीं उछाला जाना चाहिए।

विवाद पर बोले थरूर

पत्नी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलने के लिए दबाव के डॉक्टर के आरोप के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने मामले की जांच जल्द खत्म करने की अपील की है। शशि थरूर की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, मेरी पत्नी की मौत के बाद मैं शुरू से ये कहता आया हूं कि इस मामले की गहराई से जांच हो और जांच करने वाले अफसर ये काम जल्द से जल्द खत्म करें। सुनंदा का परिवार भी यही चाहता है हमने पहले भी जांच में पूरा सहयोग किया। मैं एक बार फिर दोहराना चाहता हूं कि इस मामले की जल्द, साफ और सही जांच हों ताकि किसी तरह कयासों पर रोक लग सके। उधर सुनंदा पुष्कर के रिश्ते के भाई अशोक कुमार के मुताबिक वो शुरू से कह रहे हैं कि उनकी हत्या की गई है।

डॉक्टर से हो सकती है पूछताछ

सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में नया मोड़ आने के बाद दिल्ली पुलिस जरूरत पड़ने पर आरोप लगाने वाले एम्स के डॉक्टर से पूछताछ कर सकती है। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर बीएस बस्सी का कहना है कि एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है और जो भी नए तथ्य सामने आएंगे पुलिस उन्हें संज्ञान में लेगी। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक अगर जरूरी लगा तो डॉक्टर सुधीर गुप्ता से भी बात की जाएगी। आगे क्या होगा इसपर पुलिस ने फिलहाल कुछ नहीं कहा। पुलिस कमिश्नर से जब पूछा गया कि क्या इस मामले में शशि थरूर से भी बात की जाएगी इसपर उन्होंने कहा कि जो जरूरी होगा किया जाएगा।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com