-->

Breaking News

VVIP हेलीकॉप्टर डील में फिनमेकेनिका के खिलाफ कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली : इटली की एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इतालवी अभियोजकों ने अगस्तावेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेकेनिका के खिलाफ कार्यवाही यह कहते हुए ‘स्थगित’ कर दी है कि 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टर खरीदने के भारत के 3,600 करोड़ रुपये के करार में कथित भ्रष्टाचार से कंपनी का कोई लेना-देना नहीं है।

भारत ने अनुबंध से जुड़ी शर्तों के कथित उल्लंघन और करार हासिल करने के लिए भारतीय एजेंटों को कथित तौर पर रिश्वत दिए जाने के आधार पर एक जनवरी को यह करार रद्द कर दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, इटली के उत्तरी शहर बुस्टो अरसिजियो में अभियोजकों ने भ्रष्टाचार की आरोपी फिनमेकेनिका के खिलाफ कार्यवाही स्थगित कर दी। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी। फिनमेकेनिका के एक बयान का हवाला देते हुए एजेंसी ने कहा कि अभियोजन ने पाया कि कंपनी का कथित भ्रष्टाचार से कोई लेना-देना नहीं है। अगस्तावेस्टलैंड जुर्माना भरने पर राजी हुई है। हालांकि, उसने बार-बार दोहराया है कि उसे कथित रिश्वतखोरी के बारे में कुछ नहीं पता था।

अभियोजकों ने इस महीने की शुरुआत में मांग की थी कि फिनमेकेनिका के पूर्व सीईओ गियूसेप्पे ओरसी को छह साल और अगस्तावेस्टलैंड के पूर्व सीईओ ब्रूनो स्पैगनॉलिनी को रिश्वत देने के जुर्म में पांच साल जेल की सजा सुनाई जाए। भारतीय वायुसेना को 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टर मुहैया कराने के लिए अगस्तावेस्टलैंड का 3,600 करोड़ रुपये का करार भारत सरकार रद्द कर चुकी है। भारत सरकार ने भारतीय एजेंटों को रिश्वत देने के आरोप में करार रद्द किया।

सरकार ने एक जनवरी को अगस्तावेस्टलैंड का अनुबंध रद्द किया था और इस एंगलो-इतालवी कंपनी की करीब 2,200 करोड़ रूपए की बैंक गारंटी, जो इटली और भारत के बैंकों में जमा थे, को भुनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। ओरसी ने प्रारंभिक जांच की सुनवाई कर रहे एक न्यायाधीश के सामने यह कहते हुए किसी गलत काम करने की बात से इनकार किया था कि उसने सारे कदम फिनमेकेनिका और उसकी सारी सहयोगी कंपनी के हितों को ध्यान में रखकर उठाया था। ओरसी ने भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एस पी त्यागी के परिवार को जानने की बात से भी इनकार किया।अभियोजकों का आरोप था कि त्यागी परिवार के सदस्यों को फिनमेकेनिका द्वारा दी गई रिश्वत हासिल हुई थी ताकि वायुसेना के लिए 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों का अनुबंध हासिल की जा सके।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com