-->

Breaking News

मोदी पर भागवत का निशाना- एक व्‍यक्ति ने नहीं, जनता ने दिलाई बीजेपी को जीत

भुवनेश्‍वर/नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने नरेंद्र मोदी पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में किसी एक व्‍यक्ति ने नहीं बल्कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी को जीत दिलाई है। उन्‍होंने कहा कि केंद्र में एनडीए की सरकार बनाने का श्रेय जनता को जाता है क्‍योंकि जनता बदलाव चाहती थी।

भागवत ने कहा कि सरकार के गठन का श्रेय किसी एक व्‍यक्ति को नहीं बल्कि देश के लोगों को जाता है। देश के लोगों ने देश में परिवर्तन चाहा इसलिए यह संभव हो पाया। भागवत ने यहां एक समारोह में किसी का भी नाम लिये बिना कहा कि नई सरकार के गठन का श्रेय देश के लोगों को जाता है क्योंकि वे ही परिवर्तन लाना चाहते थे। ऐसा किसी एक नेता या पार्टी के कारण नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अमित शाह को मैन ऑफ द मैच करार दिया था। भागवत ने कहा कि लोगों को वह सरकार मिली जिसके वे अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि वे ही लोग और वे ही पार्टियां पहले भी मौजूद थीं लेकिन सत्ता में परिवर्तन संभव नहीं हो पाया था।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग विजय का श्रेय कुछ लोगों को जबकि कुछ पार्टी को देते हैं लेकिन वास्तव में परिवर्तन तब हुआ जब देश के लोगों ने इसका फैसला किया। संघ प्रमुख ने देश की सुरक्षा और विकास पर जोर दिया और कहा कि जिम्मेदारी सरकार पर नहीं बल्कि लोगों पर हैं क्योंकि मतदाता (देश के) मालिक हैं। भागवत ने कहा कि सामाजिक विकास के लिए देश की सुरक्षा जरुरी है। उन्होंने कहा कि लोग अब तलवार जैसे पारंपरिक हथियार भूल गए हैं और उनकी जगह नए हथियारों ने ले ली है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा मुद्दे ने कई क्षेत्रों को प्रभावित किया है जिसमें जमीन, पानी, पर्यावरण, पारिस्थितिकी और व्यापार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई कमजोर हो जाता है तो उस पर विषाणु हमले करते हैं। उन्होंने कहा कि यह देखना होगा कि कहीं कोई दुश्मनों के लिए दरवाजे तो नहीं खोल रहा।

भागवत ने देश की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक तानेबाने को सहेजने पर जोर देते हुए कहा कि नये विचारों के साथ आगे बढ़ने की जरुरत है ताकि सामाजिक विकास हो सके और एक अपनी पहचान बन सके। उधर, पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने ट्वीट कर भाजपा और संघ पर निशाना साधा है। मनीष तिवारी ने कहा कि मोहन भागवत पर भाजपा और संघ में विरोधाभास दिख रहा है। मोदी बीजेपी की जीत के लिए अमित शाह को श्रेय दे रहे हैं। वहीं, मोहन भागवत लोकसभा चुनाव में जीत का श्रेय जनता को दे रहे हैं।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com