-->

Breaking News

भोपाल में रातभर चलेंगी लो-फ्लोर बसें

भोपाल। राजधानी में भी महानगरों की तरह देर रात तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शुरुअात में यहां लो-फ्लोर बसों को रात दो बजे तक चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लागू होने के बाद यह सुविधा रातभर देने का लक्ष्य रखा गया है। परिवहन विभाग इसके लिए कवायद में जुट गया है। विभाग की एक टीम ने हाल ही में कर्नाटक का दौरा किया।

टीम ने इस बात की खासतौर पर जानकारी ली कि वहां किस तरह देर रात तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। टीम अन्य महानगरों में भी इस इंतजाम का जायजा ले रही है। इसके बाद वहां की तर्ज पर राजधानी सहित इंदौर में भी नई व्यवस्था को लागू किए जाने की संभावना है।

भोपाल में रात करीब दस बजे से ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधाएं बंद होने लगती हैं। जेएनएनयूआरएम की बसों सहित नगर वाहन सेवा समिति की बसें इस समय के बाद नहीं चलतीं। इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर आश्रित लोगों को टैक्सी या ऑटो का सहारा लेना पड़ता है, जिनमें बसों की तुलना में अधिक किराया लगता है।

लोगों को नाइट चार्जेस के नाम पर भी ज्यादा पैसा देना पड़ता है। इसे देखते हुए ही यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा की अवधि में विस्तार की कवायद की जा रही है। शुरुआती चरण में यह प्रयास होगा कि बसें रात को कम से कम दो बजे तक संचालित की जाए।

25 हजार लोगों को होगा फायदा
इससे भोपाल व हबीबगंज रेलवे स्टेशनों के अलावा बस स्टेंडों पर रोजाना आने-जाने वाले करीब 25 हजार लोगों को सीधे तौर पर फायदा मिल सकता है। यही फायदा उस करीब 15 हजार की आबादी को भी होगा, जो रोजाना कोलार, होशंगाबाद रोड, बैरागढ़, लालघाटी, एयरपोर्ट रोड जैसे दूरदराज के स्थानों से शहर के बीच में बसे अस्पतालों या क्लीनिक तक आना-जाना करती है।

इसलिए जरूरी है रात में यात्री बस सुविधा
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं मिलना।
रात 10 बजे के बाद शहर में बसों, मिनी बसों और मैजिक का संचालन बंद हो जाना।
ऑटो चालकों द्वारा यात्रियों से नाइट चार्ज के नाम मनमाना किराया वसूला जाना।
शहर में संचालित टैक्सी सेवाएं बस सुविधा से अधिक महंगी होना।
शहर में नाइट लाइफ के लिहाज से भी जरूरी।

बन रही है सर्वे रिपोर्ट
परिवहन विभाग की कर्नाटक गई टीम का नेतृत्व इंदौर के डिप्टी ट्रांसपोेर्ट कमिश्नर एमडीएच कनौडिया ने किया। अब यह टीम सर्वे रिपोर्ट तैयार कर रही है। इसमें स्टेशनों, बस स्टैंड सहित अस्पताल जैसी जरूरी सेवाओं तक पहुंचने के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट के विषय में सुझाव रहेंगे। आरटीओ अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि फिलहाल संबंधित एजेंसियों से बातचीत कर जरूरत का आकलन किया जाएगा। इसके बाद देर रात तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मुहैया कराने का प्लान बनाकर जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।

बेहतर सुविधाएं मिलेंगी
परिवहन विभाग की टीम के अनुसार कर्नाटक के दौरे में पता चला कि बेंगलुरु में कर्नाटक परिवहन निगम की बस सेवा हर क्षेत्र के लिए रात 11 बजे तक उपलब्ध है। इसका किराया भी कम है। यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट की अन्य सेवाएं रात 12 बजे तक चलती हैं। इसके बाद जीपीएस युक्त टैक्सी की सेवाएं यात्रियों को उपलब्ध रहती है। मुंबई से मिली जानकारी के अनुसार वहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा रातभर दी जाती है। टीम यह संभावना तलाश रही है कि किस तरह भोपाल में कम से कम रात दो बजे तक लोगों को यह सुविधा मिल सके।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com