-->

Breaking News

अखिलेश सरकार की पहली बड़ी भर्ती में ही खुली पोल!

लखनऊ: अखिलेश सरकार की अबतक की सबसे बड़ी भर्ती में प्रशासन के व्यवस्था की पोल खुल गई। 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती में सोमवार से नियुक्ति पत्रों का वितरण शुरू किया गया। लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते बीआरसी बड़ेल पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। 12 बजे तक अभ्यर्थियों की इस बात की जानकारी नहीं हो सकी थी कि नियुक्ति पत्र कितने बजे से बटेंगें और कहां से प्राप्त किए जाएंगे। साढ़े ग्यारह बजे सूची चस्पा की गई और एक बजे से नियुक्ति पत्रों का वितरण बीएसए के द्वारा शुरू किया गया।

काफी अव्यवस्थाओं के बीच अवध के जिलों में प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू हुआ। हालांकि, बलरामपुर, बाबरांकी सहित अन्य जिलों में दोपहर तक नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू नहीं हो सका था। श्रावस्ती में दोपहर दो बजे के बाद नियुक्ति पत्र का वितरण शुरु हुआ, जबकि शिक्षकों की भीड़ सुबह से ही जुटनी शुरू हो गई थी। बीएड पास टीईटी अभ्यर्थियों को सोमवार को काफी समस्याओं से जूझना पड़ा। सुबह से इंतजार कर रहे शिक्षकों को बलरामपुर में अफसरों ने दोपहर बाद शाम पांच बजे से नियुक्ति पत्र बांटने की सूचना दी। इसी तरह बहराइच में भी दोपहर तीन बजे से वितरण शुरु होने की जानकारी दी गई।

गोंडा में अफसर दोपहर तक नियुक्ति पत्रों पर हस्ताक्षर करते ही नजर आए। सुल्तानपुर में दोपहर दो बजे तक करीब 200 प्रशिक्षु शिक्षकों को को नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके थे। फैजाबाद में भी कर्मचारियों द्वारा दोपहर तक नियुक्ति पत्र तैयार ही किए जा रहे थे। अंबेडकरनगर में दोपहर ढाई बजे तक सिर्फ तैयारी चल रही थी।

बड़ेल स्थित बीआरसी केंद्र पर सोमवार करीब दस बजे से ही प्रशिक्षु शिक्षकों का आना शुरू हो गया। 11 बजे के आसपास तक यहां पर खासी भीड़ जुट गई थी। लेकिन प्रशिक्षु शिक्षकों को इस बात की जानकारी देने के लिए शिक्षा विभाग का कोई कर्मी मौजूद नहीं था। इसलिए नियुक्ति पत्र पाने को लेकर आए अभ्यर्थी इधर-उधर भटकते रहे और मीडिया कर्मियों से इस बात की जानकारी लेते देखे गए।

करीब साढ़े ग्यारह बजे विभाग का एक कर्मचारी पहुंचा और सूची चस्पा की। सूची चस्पा करते ही उसे देखने वालों की भीड़ जुट गई। करीब साढ़े 12 बजे बीएसए पीएन सिंह अन्य कर्मियों के साथ बीआरसी बड़ेल पहुंचे। इसके बाद अभ्यर्थियों को फार्म वितरित किए गए। करीब एक बजे पहला नियुक्ति लखनऊ की विनीता यादव और दूसरे नंबर पर प्रमोद कुमार को दिया गया। इस दौरान यहां पर अव्यवस्थाओं को बोलबाला रहा। बैठने के लिए एक टीन शेड बना था इसके अलावा कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। यहां पर सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं थे। बीएसए ने बताया कि नियुक्ति पत्रों का वितरण सोमवार से शुरू कर दिया गया है आगे भी इसका वितरण जारी रहेगा।

सोमवार को बलरामपुर जिले में कुल 1302 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र का वितरण बेसिक शिक्षा विभाग में लगाए 10 काउंटरों से शुरु हुआ। करीब 11.30 बजे तक काउंटरों पर सन्नाटा पसरा रहा। बारह बजे से अभ्यर्थियों की भीड़ नियुक्ति पत्र लेने के लिए पहुंचने लगी।

 सुल्तानपुर के डायट में सोमवार को सुबह 11 बजे से प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू हुआ। बीएसए रमेश यादव के नेतृत्व में 10 खंड शिक्षाधिकारी व दर्जन भर लिपिक डायट में महिला व पुरुष अभ्यर्थियों को अलग-अलग काउंटर से नियुक्ति पत्र वितरण कर रहे हैं। डायट के मुख्य गेट पर ही मेरिट सूची चस्पा की गई है।

सूची में शामिल अभ्यर्थी काउंटरों पर पहुंचकर अपने मूल अभिलेख जमा करने के बाद प्रशिक्षु शिक्षक तैनाती/पदस्थापन आदेश प्राप्त कर रहे हैं। बीएसए की मानें तो दोपहर एक बजे तक करीब 200 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण कर दिया गया है। नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थी पहले प्राइमरी स्कूलों में जॉइनिंग लेंगे।

अंबेडकरनगर में परिषदीय स्कूलों में प्रशिक्षु शिक्षक के लिए टीईटी पास बीएड डिग्रीधारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने की प्रक्रिया सोमवार को अपराहन ढाई बजे करीब शुरू कर दी गई। इससे पहले नियुक्तिपत्र प्राप्त करने के लिए सोमवार प्रात: से ही बीएसए कार्यालय पर भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। बीएसए दलसिंगार यादव ने बताया कि जिले में कुल 397 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र सौंपा जाना है। इसके लिए 6 अलग अलग काउंटर बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है।

जिले के प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के 3600 पद के लिए डायट में 30 हजार आवेदकों की काउंसलिंग हुई है। लेकिन काउंसलिंग सूची ही शार्टआउट नहीं हो सकी है। पूरी रात कर्मचारी सूची दुरुस्त करने की जद्दोजहद में लगे रहे।

ठीक इसी प्रकार राज्य के विभिन्न जिलों में प्रशिक्षु शिक्षकों के नियुक्ति पत्रों के वितरण को लेकर सरकार की समुचित व्यवस्था न होने के कारण शिक्षकों तथा अभिभावकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अखिलेश सरकार की यह अब तक की सबसे बड़ी शिक्षकों की भर्ती थी जिसमें सरकार की पोल सामने आ गई।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com