-->

Breaking News

केजरीवाल ने पंजाब में किसानों के लिए जारी किया घोषणापत्र

अमृतसर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बाघा पुराना में रैली में पहुंचने के बाद पंजाब में किसानों के लिए चुनाव घोषणा पत्र जारी किया गया। आम आदमी पार्टी के किसान घोषणा पत्र में कई  वादे किए गए हैं। केजरीवाल ने कहा कि शिअद-भाजपा सरकार ने किसानों की खुशियां छीन ली हैं। सरकार की गलत नीतियों के कारण रोज किसान खुदकशी करने को मजबूर हैं। 

रैली के मद्देनजर यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभी तक पंजाब में जहां भी केजरीवाल ने दौरा किया वहां विरोधियों ने उनका विरोध किया। यहां किसी प्रकार से विरोध के कारण कोई अड़चन पैदा न हो इसके लिए सुरक्षा कड़ी की गई है। जानकारी रहे कि, केजरी पंजाब के चार दिवसीय दौरे पर आए थे। आज उनके दौरे का अंतिम दिन है। यहां केजरीवाल किसानों के लिए पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र जारी करेंगे।

केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने पंजाब के किसानों के हितों को देखते हुए चुनाव घोषणा पत्र बनाया है। किसान कर्ज के कारण खुदकशी करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि "बादलों" शर्म करो, किसानों की भावनाओं से मत खेलो। इस दौरान केजरीवाल ने दिल्ली की आप सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि पंजाब में चिटफंड कंपनियों द्वारा हड़पे गए किसानों के पैसों को वापस दिलाया जाएगा। केजरी ने कहा कि पंजाब में नशा बांटने वालों पर केस दर्ज नहीं हो रहे, बल्कि करने वालों पर केस दर्ज हो रहे हैं। आप कि सरकार आने पर एेसे केसों को रद किया जाएगा।

किसान व मजदूर के घर बेटी होने पर 21 हजार शगुन दिया जाएगा। शगुन की राशि 51 हजार की जाएगी।  बुढ़ापा पेंशन की राशि 2 हजार रुपये की जाएगी। 10 लाख परिवारों को बीपीएल में शामिल किया जाएगा।  आटा दाल स्कीम जारी रहेगी।  सभी का पांच लाख तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा।  

सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि वह राज्य को भयमुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे। दिल्ली में भी अगर उनका कोई मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसे 24 घंटे के भीतर बर्खास्त कर दिया जाता है। आज तक उनकी सरकार के अलावा एेसा किसी ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी बंद कर देंगे, लेकिन भ्रष्टाचार नहीं सहेंगे। उन्होंने कहा कि बादल ने पंजाब में लुच्चे लफंगे मंत्री बैठा रखे हैं। मंत्री बेलगाम हो चुके हैं। वह दोनों हाथों से पंजाब को लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में उन पर कई हमले किए गए, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। घोषणा पत्र कमेटी के प्रमुख कंवर संधू ने कहा कि अगर उनकी पार्टी की सरकार बनी तो कृषि मजदूरों को काम न मिलने पर सरकार 10 हजार रुपये प्रतिमाह देगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर किसानों को खुदकशी नहीं करना पड़ेगी।

 उन्होंने कहा कि किसानों का बैंक कर्ज खत्म किया जाएगा। आप ने अपने घोषणा पत्र में कहा कि अगर कुर्की होती है तो एेसी स्थित में किसानों 20 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। संधू ने कहा कि राज्य की लोक कल्याणकारी योजनाओं को बंद नहीं करेगी, बल्कि इनका विस्तार करेगी। घोषणा पत्र में एसवाइल की जमीन किसानों को वापस कर फिर से उनके नाम करने का वादा भी किया गया है। घोषणा पत्र में  ये भी वादा किया गया है कि मंडी में किसान की फसल 24 घंटे में खरीदी जाएगी। इसका भुगतान 72 घंटों के भीतर कर दिया जाएगा। किसानों को 12 घंटे मुफ्त बिजली का वादा भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि तोता सिंह ने नकली कीटनाशक से हजारों किसानों के घर की खुशियां छीन ली। वहीं बिक्रम सिंह मजीठिया ने नशे का धंधा कर पंजाब की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि सरकार बनने पर तोता सिंह व मजीठिया के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। केजरीवाल ने ये भी कहा कि चुनाव में चार महीने रह गए हैं। या तो पंजाब सरकार इन्हें सलाखों के पीछे भिजवा दे नहीं तो आप की सरकार आने पर इन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। 

केजरी ने कहा कि वह पंजाब में चुनाव तक खूंटा गाड़कर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि नशे के मुद्दे पर जब उन्होंने मजीठिया को घेरा तो कांग्रेस के पंजाब अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह उनके पक्ष में बोलने लगे। लगता है कैप्टन मजीठिया के वकील हैं।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com