-->

सरेराह बाइक रोक युवक को मार दी गोली

एमपी ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल 
 रीवा। स्मार्ट सिटी के सपने संजोने वाला रीवा शहर अब क्राइम सिटी बनता जा रहा है। बुधवार को सरेराह बाइक से जा रहे युवक को रोककर गोली मार दी गई। घायल युवक को गंभीर हालत में संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। आरोपी के रुप में पिता-पुत्र को नामजद किया गया है। जो फरार बताए जा रहे हैं।
यह सनसनीखेज घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कुठुलिया की है। सूत्रों के अनुसार कटरा निवासी रमजान सौदागर साथी गुड्डा के साथ बाइक से गोविंदगढ़ से रीवा लौट रहा था।

रात करीब 9.30 बजे जब वे कुठुलिया पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो पहले से ही घात लगाए खड़े भैयालाल पाण्डेय और उनके बेटे सुनील पाण्डेय ने सड़क को घेरकर बाइक को रोक लिया। उनका गुड्डा से पुराना विवाद बताया जा रहा है। उसी को लेकर गाली गलौज शुरु हो गई। विवाद बढ़ते ही भैयालाल ने जेब से रिवाल्वर निकालकर फायर झोंक दिया। गोली रमजान के जांघ पर लगी और वह वहीं पर ढेर हो गया। उसे संजय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल से खोखा बरामद
गोली चलने की आवाज से कुठुलिया क्षेत्र में सनसनी दौड़ गई। कुछ माह पूर्व विटनरी कॉलेज के छात्र की हत्या की घटना जैसी पुनरावृत्ति से लोग सहम गए। भीड़ जुटती देख भैयालाल पाण्डेय पुत्र के साथ बाइकर पर सवार होकर भाग निकले। बाद में पुलिस ने मौका मुआयना कर कारतूस का खाली खोखा बरामद किया। दोनों आरोपियों को नामजद कर लिया गया है। लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई है।


पुलिस की बढ़ रही चुनौती
शहर की कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की चुनौती लगातार बढ़ रही है। अपराधियों में ऐसा लगता है कि किसी तरह का खौफ ही नहीं बचा। चेन स्नेचरों व बाइकर गैंग ने पहले ही महिलाओं चैन छीन रखा है अब गोलीबारी की घटनाओं ने दबाव बढ़ा दिया है। अभी हाल ही में अनंतपुर बायपास पर सामूहिक रुप से हमला कर फायरिंग की गई थी। 


पैसों के लेनदेन का चल रहा था विवाद
उक्त घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के निशाने पर गुड्डा था लेकिन गोली उक्त युवक को लग गई। गुड्डा ने आरोपी को पचास हजार रुपए उधार दिये थे जिसे वह वापस मांग रहा था। बुधवार सुबह मोबाइल पर उनके बीच कहासुनी भी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर आरोपी गुड्डा पर हमला किए, लेकिन गोली युवक को लग गई। घायल रमजान गांधी काम्पलेक्स में जूते चप्पल की दुकान संचालित करता है। 

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com