गुनिया की अंधी हत्या, चबूतरे पर फेंकी अर्धनग्न लाश
एमपी ऑनलाइन न्यूज़, कटनी
स्लीमनाबाद पुलिस रेंज में अंधी हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी पिछले सप्ताह ही थाना क्षेत्र के पड़रभटा में हुई युवक की हत्या के आरोपियों का सुराग भी नहीं मिला था कि शुक्रवार रात थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़ाना में एक युवक के साथ मारपीट करने के बाद उस पर धारदार हथियार से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपी उसकी अर्धनग्न लाश को गांव के बीच में स्थित एक सार्वजनिक चबूतरे पर फेंक कर चले गए। इस वारदात के बाद पुलिस सक्रिय तो हुई लेकिन इस वारदात में भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं तथा वह पिछली वारदातों की तरह आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम मढ़ाना निवासी 38 वर्र्षीय छोटे उर्फ अमर पिता श्याम सिंह गांव में झाड़फूंक करने की वजह से पंडा के नाम से प्रसिद्ध था। वह शुक्रवार रात जब अपने मकान की परछी में खटिया डालकर सो रहा था। उसी दौरान रात लगभग एक बजे 4-5 युवक आए और उसे खटिया से उठाकर बुरी तरह मारपीट करने लगे। युवक मारपीट करते हुए उसे ग्राम के बीच में स्थित एक सार्वजनिक चबूतरे के पास ले गए और सिर पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। छोटे की हत्या करने के बाद आरोपी उसकी अर्धनग्न लाश को चबूतरे के ऊपर फेंक कर चंपत हो गए। छोटे की रक्तरंजित लाश आज सुबह चबूतरे पर पड़ी देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी पुलिस बल, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंच गए और मौका मुआयना व पंचनामा कारर्वाई के बाद लाश को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। ऊधर परिजनों व ग्रामीणों से आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ की गई लेकिन पूछताछ में पुलिस को आरोपियों के संबंध में सुराग नहीं लग सके।
उल्लेखनीय है कि स्लीमनाबाद रेंज में इससे पहले भी ग्राम छपरा के तिहरे हत्याकांड व पड़रभटा में युवक के अंधे हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझा पाई है। वहीं बहोरीबंद थाना अंतर्गत ग्राम सिमरापटी में भी युवक की नृशंस हत्या की वारदात अब तक अनसुलझी है। रात के समय अंधेरे के कारण ग्रामीण व परिजन आरोपियों को पहचान नहीं सके लेकिन ग्रामीणों को आरोपियों के गांव के ही होने का संदेह है। पुलिस भी ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह का कहना है कि वारदात के बाद परिजनों के बयान संदेहास्पद लग रहे हैं। श्री सिंह ने बताया कि खोजी कुत्ता भी घटनास्थल से घर की ओर गया है। इसके अलावा यह भी जानकारी लगी है कि छोटे से परिजन भी काफी परेशान थे। वह अक्सर परिजनों के साथ गाली गलौज करता रहता था। छोटे की मां अक्सर थाने में व सरपंच के पास छोटे की शिकायत करती रहती थी।
No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com