भोपाल, सतना, इंदौर, सागर, विदिशा सहित 13 जिले सूखाग्रस्त घोषित, अब होगा सर्वे
भोपाल। अल्पवर्षा के कारण प्रदेश के 13 जिलों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया। इसके अलावा दूसरे जिलों की 12 तहसीलों को भी सूखाग्रस्त करार दिया गया है। चार अन्य जिले भी सूखा प्रभावित घोषित हो सकते हैं। 17 अक्टूबर को मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह की अध्यक्षता में फिर से राज्य स्तरीय सूखा निगरानी समिति की बैठक होगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य स्तरीय सूखा निगरानी समिति की बैठक हुई थी। इसमें जिलों से आई रिपोर्ट के आधार पर जिले व तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया था। इसमें तय किया हुआ कि मुख्यमंत्री सूखाग्रस्त जिले व तहसील की घोषणा करेंगे।
बुधवार को सीहोर में किसानों के कार्यक्रम से वापस लौटने के बाद उन्होंने 13 जिले और 12 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ है और इस संकट से उबारने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सरकार ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। प्रमुख सचिव राजस्व अरुण पांडे ने बताया कि अब संबंधित जिले और तहसील में राहत के लिए सर्वे कराया जाएगा।
फसलों को हुए नुकसान के हिसाब से राहत राशि दी जाएगी। वहीं, प्रमुख सचिव कृषि डॉ. राजेश राजौरा ने कहा कि सर्वे में कृषि विभाग पूरा सहयोग करेगा। राहत आयुक्त कार्यालय 30 अक्टूबर के पहले केंद्र को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से सहायता के लिए प्रस्ताव भेजेगा।
इन पैमानों पर की घोषणा
राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने जिले या तहसील को सूखाग्रस्त घोषित करने के नए पैमाने बनाए हैं। इसमें बारिश की स्थिति, बारिश में अंतराल, भू-जलस्तर की स्थिति, तापमान में नमी और बोवनी के रकबे को देखा जाता है।
इन्हें सूखाग्रस्त किया घोषित
अशोकनगर, भिंड, छतरपुर, दमोह, ग्वालियर, इंदौर, पन्ना, सागर, सतना, शिवपुरी, सीधी, टीकमगढ़, विदिशा।
ये जिले भी हो सकते हैं घोषित
श्योपुर, मुरैना, दतिया और नीमच।
ये 12 तहसीलें भी सूखे के दायरे में
दतिया, मल्हारगढ़, मंदसौर, मनासा, नीमच, बोहरी, जयसिंहनगर, विजयपुर, कराहज, बीरपुर, मानपुर और जीरन।
टीकमगढ़ में हुआ था आंदोलन
पिछले दिनों टीकमगढ़ को सूखाग्रस्त घोषित करने को लेकर आंदोलन भी हुआ था। कांग्रेस के बैनर तले हुए इस आंदोलन के बाद किसानों को थाने के लॉकअप में बंद करने से पहले उनके कपड़े उतरवा लिए गए थे, जिसको लेकर काफी विवाद की स्थिति बनी थी।
No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com