-->

Breaking News

चित्रकूट विधान सभा में धारा 144 लागू, अब बिना अनुमति नहीं होगी कोई जनसभा


चित्रकूट(सतना) : विधानसभा उपचुनाव घोषित होते ही जिला दंडाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र में धारा १४४ लागू कर दिया है। चुनाव के दौरान विभिन्न दलों, संगठनों, समूहों द्वारा आयोजित किए जाने वाले जुलूस, धरना प्रदर्शन, रैली एवं शस्त्र लेकर लोगों द्वारा चलने पर नियंत्रण करने के उद्देश्य से दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत क्षेत्रांतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया कि निष्पक्ष एवं हिंसा रहित चुनाव कराने के उद्देश्य से विस चित्रकूट की सीमांतर्गत किसी भी व्यक्ति को आग्नेय शस्त्र लेकर चलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। क्षेत्र में शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
शस्त्र लाइसेंस निलंबित
सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारी अपने शस्त्र संबंधित थाने में तीन दिवस के भीतर आवश्यक रूप से जमा कराते हुए पावती अभिस्वीकृति संबंधित थानेदार से प्राप्त करें। विभिन्न दलों एवं संगठनों द्वारा या किसी व्यक्ति के द्वारा प्राधिकृत अधिकारी अनुविभागीय दंडाधिकारी की अनुमति के बिना जुलूस, धरना, प्रदर्शन, रैली का आयोजन भी प्रतिबंधित रहेगा। निजी वाहनों में भी ऐसी सामग्री लेकर चलना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
पहली बार वीवीपीएटी का इस्तेमाल
आदेश शासकीय कार्य पर नियुक्त शासकीय सेवक एवं अद्र्धशासकीय सेवक पर प्रभावशील नहीं होगा। वहीं निर्वाचन के 48 घंटे पहले आश्रम व होटलों को खाली करा लिया जाएगा। बिना कारण कोई नहीं ठहरेगा। उप चुनाव में मतदान की प्रक्रिया इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के माध्यम से होगी। पहली बार वीवीपीएटी का इस्तेमाल भी होगा, जिससे मतदाता देख सकता है कि वोट किसे गए।
उपचुनाव में बढ़ गए 57 केंद्र
चित्रकूट के लिए हुए 2013 में हुए विस चुनाव में 200 निर्वाचन केंद्र बनाए गए थे। लेकिन, उपचुनाव के लिए 57 केंद्रों की वृद्धि की गई है। इस बार 257 केंद्रों पर मतदान होंगे। इसमें 38 वलनरेबल मतदान केंद्र है। साथ ही 41 सेक्टर बनाए गए हैं, जिसमें 1,117 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।रेस्ट हाउस में नहीं होंगी बैठकें
रेस्ट हाउस प्रतिबंधित
जिला निवार्चन अधिकारी ने निर्देश दिए कि चित्रकूट स्थित रेस्ट हाउस व शासकीय भवनों में राजनीतिक दल की बैठकें न हों। सम्पत्ति का विरूपण करने से रोकने और ऐसे पोस्टर बैनर हटाने, नारे मिटाने के लिए चित्रकूट विस क्षेत्र में दस्ते गठित किए हैं। निर्वाचन कार्य सुचारू संचालन के लिए कुल 25 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
इन अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
ईवीएम व यातायात प्रकोष्ठ मेंं एसडीएम बलवीर रमन, स्वीप प्लान प्रकोष्ठ कम्युनिकेशन सूचना प्रबंधन प्रकोष्ठ में सीईओ जिला पंचायत अनूप कुमार सिंह, नाम निर्देशन प्रकोष्ठ, मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम प्रकोष्ठ, कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ, निर्वाचन संचालन प्रकोष्ठ, लेखा प्रकोष्ठ के लिए अपर कलेक्टर जेपी धुर्वे को जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण, मतदान-मतगणना दल, चुनाव सामग्री के लिए डिप्टी कलेक्टर सपना त्रिपाठी, व्यय लेखा आईटी कम्प्यूटर, मतगणना के लिए तथा प्रेक्षक व्यवस्था प्रकोष्ठ जिला आबकारी अधिकारी पीएल राकेश को जिम्मेदारी दी गई है।
एसडीएम मझगवां होंगे नोडल अधिकारी
जबकि जोन सेक्टर प्रकोष्ठ अधीक्षक गोविंद सोनी, डाक मतपत्र प्रकोष्ठ के लिए डिप्टी कलेक्टर अंजली द्विवेदी, अवकाश लेखा प्रकोष्ठ और शिकायत प्रकोष्ठ के लिये एसडीएम सुरेश अग्रवाल, मतपत्र मुद्रण प्रकोष्ठ के लिए जिला कोषालय अधिकारी, सांख्यिकी के लिए आरके कछवाहा, चुनाव सामग्री वितरण वापसी के लिए एसडीएम केके पाठक और सीलिंग प्रकोष्ठ के लिए संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम मझगवां को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
1.98 लाख मतदाता करेंगे मतदान
चित्रकूट विधानसभा उप चुनाव के दौरान चित्रकूट विधानसभा के 1,98,960 मतदाता अपना विधायक चुनेंगे। इसमें 1,06,328 मतदाता पुरुष हैं, जबकि 92,632 महिला मतदाता हैं। वहीं मतदाता सूची में जोड़े गए 2521 मतदाता हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके पीछे कारण है कि चुनाव आयोग ने 10 जनवरी 2010 की मतदाता सूची के आधार पर मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि यह नाम स्पेशल ड्राइव में अभियान चलाकर जोड़े गये थे।
स्टैंडिंग कमेटी की बैठक
स्टैंडिंग कमेटी का गठन शुक्रवार को कर दिया गया है। प्रथम बैठक आयोजित कर ली गई। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी धुर्वे, रिटर्निग आफीसर चित्रकूट एपी द्विवेदी, सहायक रिटर्निंग आफीसर तहसीलदार बिरसिंहपुर सुधाकर सिंह सहित कमेटी के सदस्य, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दिलीप मिश्रा, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष बसपा रमेश चौधरी, भाकपा के अरूण तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।
एक दर्जन से अधिक बैनर, होर्डिंग हटवाए
चित्रकूट विस उपचुनाव के लिए आचार संहिता लागू होते ही सख्ती बरतना आरंभ हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर विस क्षेत्र अंतर्गत मझगवां, बिरसिंहपुर, चित्रकूट सहित अन्य स्थानों पर सार्वजनिक व सरकारी स्थानों पर लगाए गए बैनर, पोस्टर, होडिग्स हटवाए गए। लोगों को आचार संहिता का पालन करने समझाइश भी दी गयी।
उल्लखन पर होगी सख्त कार्रवाई
एसडीएम मझगवां एपी द्विवेदी ने बताया, चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों, सरकारी इमारतों सहित अन्य स्थलों पर लगाए गए बैनर, पोस्टर और होडिग्स हटवाए जा रहे हैं। लोगों को हिदायत भी दी जा रही है कि आचार संहिता का उल्लघन न करें। इसके बाद भी बैनर, पोस्टर या अन्य प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने पेड न्यूज के बारे में भी चर्चा की।
खास-खास
- शासकीय वाहन, हेलीकाप्टर के उपयोग की जानकारी रखी जाएगी
- निर्वाचन की अधिसूचना 16 अक्टूबर 2017 को जारी की जाएगी
- 16 से ही नाम निर्देशन पत्र जमा करने का कार्य शुरू हो जाएगा। जो 23 तक चलेगा।
- निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को होगी।
- नाम वापसी 26 अक्टूबर को शाम 3 बजे तक होगी।
- मतदान 9 नवम्बर को होगा।
- मतगणना 12 नवम्बर 2017 को की जाएगी।
- नाम निर्देशन पत्र कलेक्टे्रट में कक्ष जी-4 में मिलेंगे।
- एक अभ्यर्थी अधिकतम 4 नामांकन एक साथ या अलग-अलग तिथियों में जमा कर सकेंगे।
- निक्षेप राशि सामान्य के लिये 10 हजार और अजाज वर्ग के लिए 5 हजार रूपये जमा करनी होगी।
- राजनीतिक दलों द्वारा प्राधिकृत उम्मीदवार के संबंध में फार्म-ए और बी 23 अक्टूबरा प्रस्तुत करना होगा।
- कोई भी पदाधिकारी शासकीय वाहन का उपयोग नहीं करेगा।
- हेलीकाप्टर से स्टार प्रचारक के आने पर अनुमति लेनी होगी ।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com