-->

Breaking News

अधिकारी कार्यालयों में अनावश्यक रूप से बिजली को ना जलने दें : कलेक्टर


पटवारियों से मशीन से कराया जाए सीमांकन
समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
 
राजकुमार पंत
गुना, ब्यूरो : 
कलेक्टर श्री राजेश जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि उनके कार्यालय में अनावश्यक रूप से बिजली ना जलने पाए। अगर वे अपने कक्ष से बाहर जाएं, तो कक्ष की बिजली बंद करके ही बाहर जाएं। कलेक्टर ने इस आशय के निर्देश आज यहां समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नियाज अहमद खान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
 
कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी निर्देशित करें कि यदि वे लंच टाइम में अपने कक्ष से बाहर रहते हैं, तो बिजली अवश्य बंद कर दें। कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक रूप से बिजली को जलते रहने देने से बिजली की राष्ट्रीय क्षति होती है, जिससे बचा जाना चाहिए। कलेक्टर ने पटवारियों सेे सीमांकन का कार्य मशीनों से कराने के अधीक्षक भू-अभिलेख को निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधीक्षक-भू-अभिलेख से कहा कि दो-चार की संख्या में पटवारियों को मशीन से सीमांकन कराए जाने का प्रशिक्षण दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
 
कलेक्टर  ने अधिकारियों से कहा कि दिवाली की छुट्टियां खत्म हो चुकी हैं। इसलिए अब वे वर्क मूड में आ जाएं और सी.एम.हेल्पलाइन समेत सभी लंबित प्रकरणों का तत्परता से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि सी.एम.हेल्पलाइन के आवेदन-पत्रों को एल-वन से आगे बढ़ने ही ना दिया जाए। उनका एल.वन पर ही निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सभी लंबित आवेदन-पत्रों को जल्द  खत्म करना सुनिश्चित करें।
 
 कलेक्टर ने सोनोग्राफी सेंटरों में गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी रिपोर्ट की ऑनलाइन होने वाली एन्ट्री की समीक्षा करते हुए साफ शब्दों में कहा कि जो सोनोग्राफी सेन्टर रिपोर्ट की ऑनलाइन एन्ट्री नहीं कर रहे हैं, उनको नोटिस जारी किए जाएं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सोनोग्राफी सेंटरों में गर्भवती महिलाओं की शत प्रतिशत सोनोग्राफी रिपोर्ट की ऑनलाइन एन्ट्री कराना सुनिश्चित करें। जो ऐसा ना करें, उनके विरूद्ध कार्रवाई करें। कलेक्टर ने लोक शिक्षण विभाग में लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे शासकीय सेवकों के विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि को कड़े निर्देश दिए।
 
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि वे शासकीय उचित मूल्य दुकानविहीन पंचायतों में नियमानुसार आवेदन-पत्र बुलाकर वहां शासकीय उचित मूल्य दुकान खुलवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर कैशलेस भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में विद्युत व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधीक्षण यंत्री म.प्र.विद्युत मंडल से पूछा कि जिले में अभी कितने ट्रांसफार्मर निकले पड़े हैं। अधिक्षण यंत्री के प्रतिनिधि ने बताया कि अभी इसके आंकड़े अपडेट किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। कलेक्टर ने जिले की तीन वाणिज्यिक बैंकों में आधार मशीन लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन को निर्देश दिए।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com